2nd LeadNational

डॉक्टर दुष्कर्म-हत्या केसः स्टूडेंट्स का प्रोटेस्ट मार्च, ममता के इस्तीफे की मांग

19 जगह पुलिस बैरिकेडिंग, हावड़ा ब्रिज बंद

Kolkata: कोलकाता में 8-9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म-हत्या के विरोध में मंगलवार को छात्र और मजदूर संगठन नबन्ना मार्च कर रहे हैं. नबन्ना पश्चिम बंगाल सरकार का सचिवालय है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सभी मंत्री और अफसर बैठते हैं.

पश्चिम बंग छात्र समाज और संग्रामी जौथा मंच नबन्ना अभिजान रैली कर रहे हैं. इन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग की है. ये कॉलेज स्क्वायर, संतरागाछी और हावड़ा मैदान में जुटेंगे. ये दोपहर 1 बजे नबन्ना पहुंचेंगे और प्रदर्शन करेंगे.

पुलिस ने हिंसा का हवाला देते हुए रैली को गैरकानूनी बताया है. प्रदर्शनकारियों को नबन्ना जाने से रोकने के लिए 7 रूट पर तीन लेयर में 6 हजार की फोर्स तैनात है. 19 पॉइंट्स पर बैरिकेंडिंग और 21 पॉइंट्स पर डीसीपी तैनात किए गए हैं.

प्रशासन ने हावड़ा से कोलकाता को जोड़ने वाला हावड़ा ब्रिज बंद कर दिया है. निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है. वाटर कैनन, वज्र वाहन और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात है.

राज्य सचिवालय नबन्ना के पास BNS की धारा 163 (CrPC की धारा 144) लगा दी गई है. यहां एकसाथ 5 से ज्यादा लोग नहीं जुटेंगे.

कोलकाता पुलिस ने हावड़ा ब्रिज को बंद कर दिया है. सड़क के दोनों ओर पुलिस की गाड़ियां खड़ी हैं. इससे ऑफिस जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है. प्रदर्शनकारियों को सचिवालय की ओर नहीं जाने दिया जा रहा है.

एडीजी (कानून और व्यवस्था) मनोज वर्मा का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान उपद्रवी अराजकता भड़काने की कोशिश करेंगे, ऐसी खुफिया जानकारी मिली है. इसलिए राज्य सरकार ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 (CrPC की धारा 144) के तहत नबन्ना (राज्य सचिवालय) के पास निषेधाज्ञा लागू कर दी है. इसके जिसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोग यहां इकट्‌ठा नहीं हो सकते.

कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार ने कहा कि हमने रैली के लिए आवेदन खारिज कर दिया क्योंकि उन्होंने औपचारिक अनुमति नहीं ली थी. संगठनों ने अधूरी जानकारी दी थी. पुलिस ने 19 जगहों पर बैरिकेडिंग की है. कई जगह करीब 26 DCP तैनात किए हैं.

तृणमूल कांग्रेस ने रैली को माहौल बिगाड़ने की साजिश बताया है. TMC ने कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिनमें पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटल के भाजपा नेताओं को हिंसा भड़काने की योजना बनाते हुए दिखाया गया है. वीडियो में दिखाए गए लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है.

कोलकाता दुष्कर्म-हत्या केस के मुख्य आरोपी संजय रॉय ने पॉलीग्राफ टेस्ट में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. संजय ने कहा कि उसने रेप के बाद ट्रेनी डॉक्टर का मर्डर किया था. घटना को अंजाम देने से पहले वो रेड लाइट एरिया गया था. रास्ते में भी एक लड़की को छेड़ा और गर्लफ्रेंड से न्यूड तस्वीरें मांगी थीं.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, संजय ने एक दिन पहले 25 अगस्त को पॉलीग्राफ टेस्ट में ये सारी बातें कही हैं. पुलिस कस्टडी में भी संजय ने रेप और मर्डर की बात स्वीकार की थी. संजय का यह कबूलनामा मर्डर और रेप के 18 दिन बाद आया है. 8 और 9 अगस्त की रात आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर का रेप और मर्डर हुआ था. 9 अगस्त की सुबह मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में लड़की की अर्धनग्न बॉडी मिली थी.

 

Related Articles

Back to top button