
Dhanbad: एसआइटी टीम काम शहर के बड़े और चर्चित मामलों का खुलासा करना होता है. धनबाद पुलिस की एसआइटी टीम बड़े मामलों का खुलासा करने में पूरी तरह फेल हो गयी है.
हाल के महीनों में धनबाद में कई चर्चित घटनाएं पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं. पिछले वर्ष अगस्त महीने में जमीन कारोबारी समीर मंडल हत्याकांड, रांची जोन के जोनल आइजी नवीन सिंह के नीलांचल कॉलोनी स्थित घर में 12 जनवरी को हुई चोरी की घटना, बैंकमोड़ एचडीएफसी बैंक से 25 लाख चोरी मामले का उद्भेदन आज तक नहीं हो पाया है.
IG के घर हुई चोरी की घटना बनी हुई है चुनौती
रांची जोन के जोनल आइजी नवीन सिंह के नीलांचल कॉलोनी स्थित घर में 12 जनवरी को हुई चोरी का उद्भेदन आज तक नहीं हो पाया है. इस मामले को लेकर पुलिस ने पहले तो खूब सक्रियता दिखायी. आनन-फानन में एसआइटी गठित की गयी. कई तरह के लोगों को उठाया गया. कई दिनों तक पूछताछ का दौर चलता रहा, लेकिन कुछ ठोस हाथ नहीं लगा.
आइजी के घर जिस दिन चोरी हुई, उस दिन आइजी के घर जैप जवान की ड्यूटी लगी हुई थी. आइजी के परिवार वाले किसी काम से रांची गये हुए थे. घर खाली था और इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने हाथ साफ कर लिया. पुलिस महकमा के लिए यह मामला आज भी चुनौती बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें- हिंदू सेना की धमकी के बाद शाहीनबाग में धारा 144 लागू, ड्रोन से रखी जा रही नजर
जमीन कारोबारी समीर मंडल हत्याकांड
जमीन कारोबारी समीर मंडल की 23 जुलाई 2019 को हुई हत्या का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पायी है. इस कांड में पुलिस पिछले कई महीनों से जांच कर रही है. समीर के करीबी और जमीन कारोबार से जुड़े दर्जनों लोगों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है. लेकिन कहीं से कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला.
इस कांड में हत्यारे को पकड़ना तो दूर पुलिस हत्या का कारण भी ढूढ़ने में विफल रही है. जबकि इस कांड की गुत्थी सुलझाने के लिए सीनियर पदाधिकारी की मॉनिटरिंग में एसआइटी का गठन भी किया गया है.
इसे भी पढ़ें- चार सालों में 14,438 आरटीआइ आवेदन, आदेश के बावजूद सूचना देने में सरकारी विभाग कर रहे मनमानी
बैंक से 25 लाख चोरी मामले का नहीं हुआ खुलासा
3 सितंबर 2019 को धनबाद को बैंकमोड़ श्रीराम प्लाजा मार्केट में स्थित एचडीएफसी बैंक से 25 लाख चोरी मामले का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पायी है.
कोयलांचल को-ऑपरेटिव प्राइवेट लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट अरुण कुमार बैंक में 25 लाख रुपये जमा कराने गये थे तभी अपराधी रुपये भरा बैग लेकर बैंक से फरार हो गये. सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों की तस्वीर कैद हो गयी थी. बावजूद पुलिस अपराधियों की तलाश में विफल है.
इसे भी पढ़ें- फरार #BJP विधायक ढुल्लू को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज, चार जगहों पर पुलिस ने मारा छापा
व्यवसायी आलोक जैन के घर डकैती का नहीं हुआ खुलासा
3 अप्रैल 2019 को लुबी सकुर्लर रोड स्थित मोहल्ले में आलोक जैन के घर डकैती की घटना हुई थी. इस मामले में पुलिस को जांच में कुछ खास सबूत हाथ नहीं लगे हैं. जांच के नाम पर पुलिस सिर्फ अपराधियों का सीसीटीवी फुटेज ही निकाल पायी है.
फुटेज भी स्पष्ट है, इसके बावजूद अपराधियों को ढूढ़ पाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी है. पिछले कई माह से यह मामला अनुसंधान के नाम पर लंबित है. पुलिस ने अपराधियों की पहचान कराने के लिए 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा तक कर दी है. लेकिन फिर भी पुलिस इस मामले में कुछ खास नहीं कर सकी है.




