
Ranjit Kumar Singh
Dhanbad: बलियापुर के सिंदूरपुर पंचायत के कोड़ाहीर गांव की आबादी लगभग आठ सौ है. आठ सौ की आबादी वाले इस गांव में अधिकतर लोग गरीबी रेखा से नीचे जीवन बसर कर रहे हैं. लेकिन आज तक गांव के लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है.
आवास नहीं मिलने के कारण कोड़ाहीर गांव के लोग आज भी कच्चे और टूटे-फूटे घरों में रहने को मजबूर हैं. इस संबंध में कोड़ाहीर के लोगों ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने की कोशिश की लेकिन उनकी फरियाद आज तक नहीं सुनी गयी है.
इसे भी पढ़ें- धनबाद पुलिस की SIT टीम बड़े मामलों का खुलासा करने में हो रही है फेल
वर्षों गुजर गये आश्वासन के लेकिन नहीं मिला लाभ
कोड़ाहीर गांव के लोगों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पंचायत की मुखिया उमा देवी को आवेदन दिया गया. मुखिया उमा देवी ने आश्वासन भी दिया कि कुछ दिनों में आवास बनाने के लिए उन्हें पैसे मिल जायेंगे लेकिन आज तक उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है.
उन्होंने बताया कि मुखिया द्वारा दिये गये आश्वासन को सालों गुजर गये हैं लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी भी नहीं मिल पायी कि उन्हें आवास योजना का लाभ मिलने में विलंब क्यों हो रहा है.
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस मामले से निवर्तमान विधायक फूलचंद मंडल को भी अवगत कराया था लेकिन कुछ परिणाम सामने नहीं आया. उनका कहना है कि अब वे वर्तमान विधायक इंद्रजीत महतो से मिलकर इस समस्या के समाधान की मांग करेंगे.़

इसे भी पढ़ें- हिंदू सेना की धमकी के बाद शाहीनबाग में धारा 144 लागू, ड्रोन से रखी जा रही नजर
मुखिया ने कहा- मेरे हाथ में कुछ नहीं है
मामले की जानकारी लेने पर मुखिया उमा देवी कहती हैं कि जब तक सरकार पैसा नहीं देगी, तब तक वे कुछ नहीं कर सकती हैं. उनका कहना है कि मेरे हाथ में कुछ नहीं है. जब सरकार पैसा देगी तो लोगों को मिल जायेगा.
हालांकि उन्होंने बताया कि अभी कुछ लोगों को आवास योजना का पैसा दिया गया है. लिस्ट आना अभी बाकी है. हालांकि मुखिया उमा देवी का कहना है कि कोड़ाहीर गांव के लोग आवास योजना का लाभ लेने में कुछ खास दिलचस्पी नहीं रखते हैं.




