
Dhanbad: सिंदरी में बिजली और जल संकट से लोगों में हाहाकार मचा है. बावजूद इसके HURL, FCI और बिजली विभाग के अधिकारी गंभीर नहीं हैं. सिंदरी के लगभग एक लाख लोग पिछले एक महीने से काफी परेशान हैं. डीवीसी की ओर से सिंदरी में लगातार बिजली कटौती किए जाने के कारण सिंदरी वासियों को कुछ घंटे ही बिजली मिल पा रही है. बिजली की आंख मिचौली जारी है. कई घरों के इनवर्टर भी बैठ गए हैं. बिजली कर्मियों के अनुसार डीवीसी में बिजली संकट के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है. शहर को पर्याप्त मात्रा में बिजली नहीं मिल पा रही है. घंटों बिजली के कटे रहने और अचानक आने से पोल के जंपर उड़ने और तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं. इस कारण ही भी शहर में बिजली समस्या हो रही है. वहीं दूसरी ओर HURL सिंदरी के आवाम को पानी नहीं दे पा रहा है. इससे सिंदरी वासियों में और आक्रोश छाया है.
गुरुवार को सिंदरी के आवाम द्वारा पानी और बिजली की समस्या से निजात के लिए एक बैठक शहरपूरा शिव मंदिर प्रांगण में बुलाई गयी थी. आहूत बैठक में सैकड़ों सिंदरी वासियों ने मौजूदगी दर्ज कराई. निर्णय लिया गया कि तीन दिनों में हर्ल पानी की समस्या नहीं सुधारेगी तो आगामी 4 जुलाई को हर्ल का चक्का जाम होगा. सिंदरीवासी पानी के बिना रहना अब बर्दास्त नहीं करेंगे.
पानी की समस्या नहीं सुधरी तो हर्ल का होगा चक्का जाम: दिनेश सिंह
भीषण गर्मी के बीच सिंदरी में पानी की त्रासदी व विकराल बिजली की समस्या को लेकर पूर्व पार्षद दिनेश सिंह की अध्यक्षता में शहरपुरा शिव मंदिर प्रांगण में आम नागरिकों की बैठक की गई. मौके पर अधिवक्ता दिनेश सिंह, ब्रजेश सिंह, रणधीर सिंह, मुकेश सिंह, रुपक कुमार, कामेश्वर सिंह, अरुण झा, संगीत ठाकुर, अरुण कुमार, अंजनी श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार, भोला सिंह सहित सैंकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और समस्याओं को रखा.
बैठक के बाद पूर्व पार्षद ने बताया कि वर्ष 2019 से हर्ल प्रबंधन के द्वारा सिंदरी के सभी जलमीनारों में पानी की सप्लाई की जा रही है. विगत एक महीने से सिंदरी में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है. इससे सिंदरी की जनता त्रस्त है. उन्होंने कहा कि नया कारखाना निर्माण के साथ सिंदरीवासियों का पानी के बिना रहना अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी. सिंदरी पंप हाउस व सेटलिंग टैंक में कम क्षमता का पम्प लगाकर सिंदरी की आम जनता के सांथ अन्याय ही नहीं अत्याचार किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि शनिवार तक सिंदरी में नियमित जलापूर्ति पूर्व की तरह नहीं हुआ तो रविवार को शहर में वाहन से सिंदरीवासियों को सूचना देकर एकजुट किया जाएगा. सोमवार को बाजार बंद कर सिन्दरी के सभी निवासी हर्ल का चक्का जाम करेंगे. इसके साथ ही हर्ल के अधिकारियों के घरों तक पानी पहुंचाने वाले टैंकर व डीपबोरिंग को बंद किया जायेगा.




