
Dhanbad : झारखंड में कई क्वारेंटाइन सेंटर बनाये गये हैं. इन दिनों प्रवासियों की वापसी की वजह से सेंटर्स की संख्या बढ़ायी भी गयी है. ऐसे में आये दिन क्वारेंटाइन सेंटरों से खाने नहीं मिले की शिकायतें आती हैं. इसके अलावा हंगामे की भी खबरें आम हैं.
लेकिन धनबाद के पॉलिटेक्निक के क्वारेंटाइन सेंटर से एक अलग ही खबर आयी हैं. इस सेंटर में रह रहे 17 लोगों ने शुक्रवार को भूख हड़ताल शुरू कर दी. उनका कहना है कि वे लोग 15 दिनों से क्वारेंटाइन सेंटर में बंद हैं. 19 मई को जांच के लिए उनलोगों का सैंपल लिया गया, लेकिन उसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आयी है.
उन्होंने कहा कि उनसे पीछे जो लोग क्वारेंटाइन सेंटर में आये हैं, उनकी जांच रिपोर्ट आ गयी है. लेकिन उनलोगों की रिपोर्ट अभी तक नहीं आयी है. ये सभी लोग 15 मई से यहां बंद हैं. बताया जाता है कि ये लोग दिल्ली, मुंबई, गुजरात सहित विभिन्न जगहों से आये हैं.
इसे भी पढ़ें – रांची के कोचिंग संस्थानों की लूट कथा- 5: न मानते हैं कोई गाइडलाइन, न सार्वजनिक करते हैं जरूरी जानकारी
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी भूख हड़ताल
उन्होंने कहा कि उनके साथ प्रशासन कहीं न कहीं भेदभाव कर रहा है. जब तक उन्हें यहां से छोड़ा नहीं जाता है, तब तक वे लोग भूख हड़ताल पर ही रहेंगे. उन्होंने बताया कि सुबह का नाश्ता करने से उनलोगों ने इंकार कर दिया है. दोपहर का खाना भी वे लोग नहीं खायेंगे. इसके बाद भी अगर उनकी मांगें नहीं मानी गयीं तो उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी.
क्वारेंटाइन की अवधि पूरा किये लोगों के बीच ही रह रहे हैं नये लोग
भूख हड़ताल पर बैठे राम जीवन सहाय की मानें तो 15 तारीख से कुल 17 लोग क्वारेंटाइन सेंटर में हैं. सभी 17 लोगों की जांच के लिए सैंपल 19 तारीख को ली गयी थी. लेकिन 15 दिन बाद भी उसकी रिपोर्ट नहीं आयी है. सबसे ज्यादा परेशानी इस बात की है कि क्वारेंटाइन की अवधि पूरा किये हुए लोगों के बीच ही नये लोग भी आकर रहते हैं.
अगर नये लोगों में कोई कोरोना संक्रमित मिलता है, तो हमलोग भी इस वायरस की चपेट में आ सकते हैं. रामजीवन ने यह भी कहा कि 15 मई की जांच रिपोर्ट अभी तक नहीं आयी है. लेकिन 25 मई को जिन लोगों का सैंपल लिया गया था, उसकी जांच रिपोर्ट आ गयी है.
इसे भी पढ़ें – देश में कोरोना मामलों में अब तक का सबसे अधिक उछाल, 24 घंटे में 7,466 नये केस, 175 की मौत




