
Dhanbad : एक ओर वैश्विक महामारी कोरोना के कारण लॉकडाउन है. लोग घरों में बंद रहकर जिंदगी बचाने की जद्दोजहद में लगे हैं. वहीं कुछ लोग गरीबों के हिस्से की चावल को कालाबाजारी कर बेचने के लिए तरह-तरह की जुगत लगा रहे हैं.
पुलिस लगातार इसके खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है. इसी क्रम में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर बुधवार को चावल की बोरियों से भरे हुए एक मालवाहक वाहन को जब्त किया गया. वाहन से दर्जनों चावल की बोरियां बरामद की गयी हैं जिसे इस कारोबार से जुड़े माफिया दुकानों में खपाने की तैयारी में थे.
इसे भी पढ़ें- कर्ज लेकर विदेश भागे कारोबारियों में ऐसी क्या खास बात है जो रिजर्व बैंक उनके कर्ज माफ कर दे रहा है
बरवाअड्डा के आसपास छोटे दुकानदारों को बेचा जा रहा था चावल
बताया जाता है कि कई दिनों से चावल की दर्जनों बोरियों को बरवाअड्डा के आसपास छोटे दुकानदारों को बेचा जा रहा था. जिसकी सूचना पुलिस को मिली. इसी क्रम में बुधवार की सुबह बगैर कागजात के एक मालवाहक वाहन में रंग-बिरंगे बोरों में भरे हुए चावल को ढोया जा रहा था.
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एएसआइ अशोक मंडल ने वाहन को रोका. उन्होंने वाहन पर लदे चावल की बोरियों से संबंधित कागजात की मांग की. पूछताछ करने पर वाहन चालक ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और न ही चावल की बोरियों से संबंधित कोई कागजात दिखा पाया.
इसे भी पढ़ें- कोरोना को मात देकर प्लाज्मा डोनेट को तैयार कनिका कपूर, डॉक्टर्स बोले – फिट हैं आप
छोटे-छोटे वाहनों में की जाती है चावल की कालाबाजारी
कोई कागजात नहीं होने के कारण पुलिस ने चावल सहित वाहन को जब्त कर लिया है. बताया जा रहा है कि बरमसिया स्थित एफसीआइ गोदाम में आने वाले सरकारी चावल को चोरी-छुपे दूसरे बोरो में भरकर कालाबाजारी की जा रही है.
पूर्व में भी ऐसी घटनाएं बरमसिया के आसपास होती रही है. इन दिनों लॉकडाउन की अवधि में एक बार फिर कालाबाजारी करने वाले और सरकारी चावल को चोरी छुपे बेचने वालों की गैंग अपनी कारगुजारियों को अंजाम देने की कोशिश में लगे हुए हैं.
चावल की कालाबाजारी करने वाले माफिया छोटे-छोटे वाहनों में रंग बिरंगी बोरियों में चावलों को भरकर खपाने का काम करते हैं. इस बार भी वह इसी फिराक में थे. लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें- बॉलीवुड एक्टर इरफान खान का निधन, मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में ली अंतिम सांस




