
Dhanbad : झारखंड मुक्ति मोर्चा का धनबाद जिला का स्थापना दिवस चार फरवरी को मनाया जायेगा. स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह की सफलता के लिए गोल्फ ग्राउंड में तैयारियां की जा रही हैं.
स्थापना दिवस समारोह में सीएम हेमंत सोरेन के साथ जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन भी हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही जेएमएम के कई बड़े नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे.
कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार को टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और कई निर्देश दिये.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : पत्नी से करवाता था वेश्यावृत्ति, तंग आकर प्रेमी के साथ मिलकर कर दी पति की हत्या
भव्य होगा समारोह, बनाये जा रहे हैं कई तोरण द्वार
स्थापना दिवस पर सीएम के आगमन पर जिला प्रशासन भी मुस्तैद है. सीएम के आगमन को देखते हुए डीसी अमित कुमार, एसएसपी किशोर कौशल, एसडीएम राज महेश्वरम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया.
इस दौरान उन्होंने विधायक मथुरा महतो व जेएमएम के जिलाध्यक्ष रमेश टुडू से भी बात की. कार्यक्रम की सफलता को लेकर विचार-विमर्श किया.
बताया जाता है कि जेएमएम के स्थापना दिवस समारोह में लोगों की सुविधा के लिए गोल्फ ग्राउंड में पंडाल बनाये जा रहे हैं. इसके साथ ही शहर में कई जगह तोरणद्वार बनाये जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : अग्रवाल बंधु हत्याकांड: 11 महीने बाद भी खुला घूम रहे मुख्य आरोपी, SIT गठन के बाद भी पुलिस के हाथ खाली
विधायक ने कहा– धनबाद को कुछ मिलने की है संभावना
कार्यक्रम कें संबंध में जानकारी देते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने बताया कि कार्यक्रम का समय दोपहर 3 बजे से 8 बजे तक है. उन्होंने कहा कि इस बार जेएमएम की सरकार होने से भीड़ अधिक होगी.
जिसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि सूबे में जेएमएम की सरकार है और स्थापना दिवस में मुख्यमंत्री आ रहे हैं. इस कार्यक्रम से धनबाद को कुछ मिलने की संभावना है.
वहीं निरीक्षण के लिए पहुंचे एसडीएम राज महेश्वरम ने बताया कि हमने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया है. सुरक्षा, रूट और पार्किंग को लेकर तैयारियां कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन, सिटी सेंटर और पोलटेक्निक में बस पड़ाव की व्यवस्था की गयी है. मुख्यमंत्री के आने के रास्ते में नो इंट्री रहेगी.
इसे भी पढ़ें : रिम्स नियुक्तिः टॉपर मेरिट लिस्ट से बाहर, जिसने स्किल टेस्ट दिया ही नहीं उसे मिली नौकरी




