
Dhanbad: पुलिस और ईसीएल मुख्यालय से आयी सुरक्षाकर्मियों की टीम ने गुरुवार को राजपुरा कोलियरी की ओसीपी में छापेमारी की. पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त छापामारी में लगभग पांच हजार बोरा कोयला और सैकड़ों साइकिलें जब्त की गयी.
अचानक हुई छापामारी से कोयला चोरों के बीच हड़कंप मच गया. छापामारी टीम को देखते ही वे लोग भाग खड़े हुए. मामला निरसा थाना क्षेत्र का है.
इसे भी पढ़ें- शाहीन बाग सिर्फ आंदोलन नहीं रह गया, यहां सूसाइड बॉम्बर का जत्था बनाया जा रहा : गिरिराज सिंह
किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा अवैध खनन: एसएसपी
इस मामले में एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि अहले सुबह अवैध कोयला चोरों के खिलाफ संयुक्त छापेमारी की गयी थी. छापेमारी के लिए अचानक पहुंची पुलिस को देखते ही कोयला चोर भाग खड़े हुए. जबकि भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया है.
निरसा थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. साथ ही कोयला चोरों को भी चिह्नित करने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
गौरतलब है कि पिछले दिनों इसी जगह पर अवैध उत्खनन के दौरान एक शख्स की जान चली गयी थी. जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे. इस घटना से पहले भी निरसा थाना क्षेत्र में ही अवैध खनन के दौरान चाल धंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी. घटना के बाद कोयला चोर शव को लेकर फरार हो गये थे. घटना स्थल से सिर्फ जूते, चप्पल और कोयला ढोने की टोकरी बरामद की गयी थी.
इसे भी पढ़ें- योजनाओं की समीक्षा होने से राजधानी के विभिन्न वार्डों में प्रभावित हो सकती है 37.87 करोड़ की योजनाएं
उपायुक्त के आदेश के बाद भी नहीं रूक रही कोयले की चोरी
कुछ दिन पहले ही उपायुक्त अमित कुमार, सीआइएसएफ, डीआइजी और एसएसपी किशोर कौशल ने कोयला कंपनियों के अधिकारी, पुलिस एवं CISF के पदाधिकारियों को अवैध कोयला खनन रोकने के लिए सख्ती बरतने का आदेश दिया था.
उपायुक्त के आदेश के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है. आये दिन सैकड़ों टन चोरी का कोयला जब्त किया जाता है. कोयला चोरी के आरोप में लोगों को गिरफ्तार भी किया जा रहा है. फिर काफी संख्या में लोग इस धंधे से जुड़े हुए हैं और जान जोखिम में डालकर अवैध खनन कर रहे हैं.




