
Dhanbad : बाघमारा के बीसीसीएल एरिया 3 गोविंदपुर की तेतुलिया बस्ती में एक बीसीसीएल कर्मी का एक घर जमींदोज हो गया. गनीमत यह थी कि उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था.
बताया जाता है कि क्षेत्र में लगातार भू धंसान व गैस रिसाव हो रहा है, जिससे वहां रह रहे दस हजार से भी अधिक लोगों के बीच दहशत का माहौल है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लोग दहशत के साये में हरदम जी रहे हैं. उन्हें इस बात की चिंता सताती रहती है कि कब उनका घर जमींदोज हो जायेगा.
इसके बावजूद गैस रिसाव को रोकने के लिए बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है जिस कारण लोगों में आक्रोश है.
इसे भी पढ़ें : हाल-ए #MNREGA : दुमका में मयूराक्षी नदी के किनारे बलुआई मिट्टी में बन रहे तालाब
दस फीट नीचे धंस गया घर
बाघमारा के तेतुलिया पट्टी में रहने वाले कोलकर्मी गोपाल बाउरी का घर भू-धंसान से 10 फीट नीचे धंस गया. गनीमत रही कि घर का जो कमरा जमींदोज हुआ वहां कोई नही था.
हादसे के बाद कोयला कर्मी गोपाल बाउरी कोलमुरना स्थित बीसीसीएल आवास में रहने चले गये हैं. जो घर जमींदोज हुआ, वह पूजा घर था. घर के सभी सदस्य पास के ही घर में थे जो बाल-बाल बच गये.
पीड़ित बीसीसीएल कर्मी ने बताया कि अब वे लोग यहां पर नहीं रहेंगे. भू धंसान होने के बाद से लगातार जहीरली गैस रिसाव जारी है. यह गैस आसपास रह रहे लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है.
मालूम हो कि यहां के पूरे इलाके को बीसीसीएल ने डेंजर जोन घोषित कर रखा है. लेकिन लोगों का पुनर्वास नहीं होने से लोग डेंजर जोन में रहने को मजबूर हैं.
इसे भी पढ़ें : गलत तरीके से क्लर्कों व स्विचरमैन को जेई का प्रभार दिये 15 दिन हो गये, महाप्रबंधक ने नहीं लिया वापस
डीसी रेल लाइन पर मंडराने लगा संकट
बताते चलें कि घटनास्थल से धनबाद चंद्रपुरा रेल लाइन महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर है. करीब 2 वर्ष पहले भू धंसान और अग्नि प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पीसी रेल लाइन को बंद कर दिया गया था.
इससे करोड़ों रुपये का नुकसान रेलवे को हुआ था. एक बार फिर डीसी रेल लाइन के आसपास लगातार हो रहे गैस रिसाव और भू धंसान के कारण डीसी रेल लाइन पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोगों को पुनर्वास करने में बीसीसीएल प्रबंधन गंभीर नहीं है. कोई हादसा होता है तो बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से लोगों को नोटिस थमा दिया जाता है कि वे लोग घर खाली कर दें लेकिन वे लोग जायें तो जायें कहां.
इसे भी पढ़ें : योगेंद्र साव और रघुवर दास के करीबी राजू साव सहित चार लोगों को पुलिस ने भेजा जेल




