
Ranchi : झारखंड कौशल विकास मिशन सोसायटी की ओर से राज्य के सभी जिलों में सेवा दे रहे जिला कौशल समन्यवकों की नौकरी जा चुकी है. इनकी सेवा विस्तार हो इसके लिए कौशल समन्यवकों का प्रतिनिधिमंडल तीन जनवरी को श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग मंत्री सत्यानंद भोक्ता से मिला. जहां उन्होंने झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के द्वारा लिए गए निर्णय से जिलों में कार्यरत जिला कौशल समन्वयक के समक्ष उत्पन्न हुई बेरोजगारी की समस्या से अवगत कराया.
इसे भी पढ़ें:MS Dhoni की चेन्नई सुपर किंग्स नजर आयेगी नये अवतार में, video में देखें क्या है खास
उक्त बातों पर पर संज्ञान लेते हुए मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने आश्वासन दिया कि सभी जिलों में कार्यरत जिला कौशल समन्वय की सेवा बरकरार रहेगी. उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर जहां झारखंड सरकार की प्राथमिकता लोगों को रोजगार देना है. ऐसे मौके पर कौशल विकास विभाग अंतर्गत कार्यरत जिले के सभी जिला कौशल समन्वयक कल रोजगार सरकार कैसे छीन सकती है. इसके बाद भी 12 जनवरी को नोटिस जारी कर सभी को सेवा से मुक्त कर दिया गया.
साल 2016 में हुई थी नियुक्ति
बताते चलें कि झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के तहत जिला कौशल समन्वयक प्रत्येक जिला में साल 2016 से कार्य कर रहे हैं. प्रत्येक जिले में एक-एक जिला कौशल समन्वयक नियुक्त हैं. इनकी नियुक्ति आउट सोर्स से की गयी थी. इन सभी जिला कौशल समन्वयक को बाद में स्टेट प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट के तहत संवेदना डेवलपमेंट सोसाइटी की ओर से समायोजित कर लिया गया.
14वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक में सेवा समाप्त करने का हुआ निर्णय
इसके बाद 22 दिसंबर 2020 को झारखंड कौशल विकास मिशन सोसायटी की 14वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक में सभी जिला कौशल समन्वयक की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया. इस निर्णय के बाद से जिला कौशल समन्वयक के सामने रोजगार की समस्या उत्पन्न हो गयी है.




