
Dhanbad : गुरुवार को भगतडीह के एना छठ तालाब और एना कोलियरी के रहने वाले दो गुटों के बीच जमकर मारपीट के बाद पत्थरबाजी हुयी. जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए. दोनों पक्षों में होली के दिन भी मारपीट की घटना घटी थी. उसी विवाद को लेकर गुरुवार को भी दोनों गुट एक बार फिर से आमने-सामने हो गए. मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.
दोनों गुटों के बीच लगभग आधे घंटे तक मारपीट और पत्थरबाजी हुयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को शांत कराया. इसके साथ ही पुलिस ने घायलों को SNMMCH अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया. एक पक्ष की मुन्नी देवी का कहना है कि उसके बेटे विकास को सूरज भुइयां और बबला समेत अन्य युवक बुलाकर ले गए और उसके साथ जमकर मारपीट की. जिसके बाद वह बुरी तरह से घायल हो गया.
वहीं दूसरे पक्ष की कारी देवी ने बताया की सूरज अपने घर के बाथरूम में था. इस दौरान चार पांच युवक घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट करने लगे. जिसके बाद दोनों ओर से पत्थरबाजी हुयी. कारी देवी ने कहा कि मारपीट करने वाले युवक मासस नेता रुस्तम अंसारी का नाम ले रहे थे.




