
Deoghar: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के घोरमारा के पास शुक्रवार सुबह ट्रक और पिकअप वैन के बीच जबरदस्त टक्कर हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिक अप वैन में सवार तीन महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं इस सड़क दुर्घटना में 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
समस्तीपुर के रहने वाले हैं सभी

मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन में सवार सभी लोग बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले थे. ये सभी लोग देवघर बाबा मंदिर से पूजा कर बासुकीनाथ जा रहे थे. इस दौरान मनोहरपुर के पास ये हादसा हुआ. मौके पर पुलिस पहुंच कर राहत बचाव कार्य में जुट गई है.
5 दिन पहले भी हादसे में हुई थी 5 लोगों की मौत
3 फरवरी को सारठ थाना क्षेत्र के सारठ-पालोजोरी मुख्य पथ पर तड़के तेज गति से आ रही बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गयी. वहीं 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे.




