
Ranchi: कृषि बिल के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज होते जा रहा है. जहां केंद्रीय किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों की ओर से 12 दिसंबर को टोल प्लाजा फ्री करने का निर्णय लिया गया है. वहीं राज्य में इसका आंशिक असर देखा जा सकता है.
राज्य के किसान और ट्रेड यूनियनों से जानकारी मिली की अब तक जमशेदपुर के अलग अलग टोल प्लाजा को फ्री करने की योजना बनी है. कल तक ओरमांझी समेत अन्य इलाकों के टोल प्लाजा को फ्री करने की योजना बनायी जा रही थी. लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पायी. जिसके बाद जमशेदपुर समेत अन्य जिलों में फ्री करने पर सहमति बनी.
इसे भी पढ़ें :मानवाधिकार आयोग मानव तस्करी की घटनाओं पर चिंतित, राज्यों-मंत्रालयों को जारी किया परामर्श
सीटू के प्रकाश विप्लव ने बताया कि इस दौरान गाड़ियों को बिना टोल फीस दिये आवागमन करने दिया जायेगा. इसे सफल बनने में राज्य में झारखंड राज्य किसान सभा, सीटू, एटक, इंटक आदि संगठनों का योगदान रहेगा.
14 दिसंबर को अडानी के विरोध में होगा प्रदर्शन
राज्य के किसान और ट्रेड यूनियन 14 दिसंबर को भी विरोध प्रदर्शन करेंगे. इस दौरान बायकाट अडानी व बायकाट रिलायंस के नारे के साथ के नारों के साथ प्रदर्शन किया जायेगा. वामदलों की भी इस प्रदर्शन में भागीदारी होगी. राजधानी रांची में इस दौरान राजभवन के पास धरना देकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जायेगा. ट्रेड यूनियनों की ओर से भी किसानों के इस आंदोलन के कार्यक्रमों मे हिस्सेदारी की जायेगी. इसी क्रम मे किसान संगठनों द्वारा घोषित बायकाट अडाणी और बायकाट रिलायंस अभियान का समर्थन करते हुए आम जनता से अडाणी और अंबानी के उत्पादों का वहिष्कार किए जाने की अपील की जाएगी.
इसे भी पढ़ें :इन्वेस्टमेंट के नाम पर 52 लाख रुपये ठगने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार




