
NewDelhi : पूरे बंगाल को अतिसंवेदनशील क्षेत्र घोषित करते हुए भाजपा ने सभी बूथ केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात करने की मांग चुनाव आयोग से की है. भाजपा ने बंगाल में होनेवाली हिंसा को ध्यान रखते हुए चुनाव आयोग से यह गुहार लगायी है. इसके अलावा राहुल गांधी के अहमदाबाद दौरे में दिये भाषण में पीएम मोदी के बारे में की गयी टिप्पणी को लेकर भी शिकायत दर्ज की है. बता दें कि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ आज बुधवार को भाजपा के कई बड़े नेता चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचे और चुनाव आयुक़्त से शिकायत की. चुनाव आयोग से निकल कर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, बंगाल में चुनावों के दौरान होनेवाली हिंसा के कारण बहुत से लोग प्रभावित हुए हैं. बंगाल में हिंसा की आशंका देखते हुए हमने चुनाव आयोग से पूरे बंगाल को अतिसंवेदनशील क्षेत्र घोषित करने की मांग की. भाजपा ने सभी बूथ केंद्रों पर केंद्रीय पुलिस बल तैनात करने की भी मांग की है.
इसे भी पढ़ेंः राहुल सर…नहीं, राहुल थे छात्राओं के बीच, पूछा, क्या आपको लगता है जॉब मिल जायेगी?
मीडिया पर पाबंदी अघोषित तौर पर रहती है
बंगाल में चुनावों के दौरान मीडिया पर भी पाबंदी अघोषित तौर पर रहती है. हमने मीडिया को प्रवेश मिले इसकी भी मांग की गयी है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अहमदाबाद रैली में पीएम के बारे में कहा था कि पीएम ने राफेल डील में देश का पैसा अनिल अंबानी की जेब में डाला. भाजपा ने इस बयान की शिकायत भी चुनाव आयोग में की है. केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के बारे में जो बोला… इतना पैसा उसकी जेब में डाला… मैं तो वह दोहरा भी नहीं सकता. हमने इस बयान की शिकायत कर आयोग से संज्ञान लेने की अपील की है.




