
Washington/NewDelhi : बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सेना ने 200 आतंकियों के शव बालाकोट से खैबर पख्तूनख्वा पहुंचाने का काम किया था. भारत के एयर स्ट्राइक को लेकर चौंकाने वाला खुलासा अमेरिका में निर्वासन झेल रहे गिलगिट के ऐक्टिविस्ट सेंगे हसनान सेरिंग ने किया है. सेरिंग ने एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया है कि स्थानीय उर्दू अखबारों में छपी खबर के अनुसार, स्ट्राइक के बाद 200 आतंकियों के शव को पाक सेना ने बालाकोट से खैबर पख्तूनख्वा पहुंचाया था. हालांकि इस वीडियो की हकीकत की अभी तक पुष्टि नहीं हो पायी है. वीडियो के अनुसार भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकियों पर कहर बरपा दिया था. इस हमले में कई सौ आतंकियों की मौत हुई थी. बता दें कि सेरिंग ने ट्विटर पर शेयर वीडियो के कैप्शन में लिखा, भारत के एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने 200 से अधिक आतंकियों को दफनाने की बात कबूल की है.
अधिकारी ने आतंकियों को मुजाहिद बताते हुए अल्लाह से मिले विशेष सौगात की बात करते हुए कहा कि ये लोग पाकिस्तान सरकार के लिए दुश्मन के खिलाफ काम कर रहे थे. उनके परिवारों को सहयोग देने की बात की. वीडियो में कुछ पाक अधिकारियों को रोते हुए बच्चों को चुप कराते हुए देखा जा रहा है. वीडियो में पीछे से किसी की आवाज आ रही है जिसमें एक शख्स कह रहा है कि यह अल्लाह का करम है. हमारे 200 बंदों को यह मौका मिला.
पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना का हवाई हमला काफी सफल रहा था
बता दें कि बालाकोट में आतंकी कैंपों के तबाह होने की खबरों का पाकिस्तान लगातार खंडन करता रहा है. दूसरी तरफ भारत ने इस एयर स्ट्राइक में 200 से अधिक आतंकियों के मारे जाने और आतंकी कैंप के बुरी तरह से तबाह होने की बात कही है. बालाकोट में जैश का प्रमुख आतंकी ट्रेनिंग कैंप रहा है. पुलवामा हमले का सूइसाइड बॉम्बर को बालाकोट से ही ट्रेनिंग मिली थी. समाचार एजेंसी एएनआई को सेरिंग ने बताया, इस बात के काफी सबूत हैं, जिनके आधार पर यह दावा किया जा सकता है कि पाकिस्तान में भारतीय वायुसेना का हवाई हमला काफी सफल रहा था। पाकिस्तान अभी तक यह साबित नहीं कर सका है कि उसके यहां कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. यहां तक कि वह दावा करने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय और अपनी मीडिया को बालाकोट नहीं ले जा सकता है. यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान पूरी तरह बालाकोट में किसी तरह के आतंकवादी कैंप होने और उसपर भारतीय वायुसेना के हमले की बात इनकार कर रहा है.




