JharkhandLead NewsRanchi

कांग्रेस-जेएमएम के विधायकों के टूटने की खबर का हेमंत ने किया खंडन, कहा- मजबूती के साथ पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी सरकार

Ranchi : सरकार से नाराजगी को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस-जेएमएम के विधायकों के टूटने की खबर को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बड़ा बयान दिया है. कई मुद्दों को लेकर नई दिल्ली दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि गठबंधन सरकार पर किसी तरह का कोई भी संकट नहीं है. हेमंत सोरेन का दावा है कि जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी सरकार पूरी मजबूती के साथ अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी. उन्होंने यह बात नयी दिल्ली में मीडियाकर्मियों से बातचीत में कही है.

बता दें कि पिछले कई दिनों से झारखंड में ‘ऑपरेशन कमल’ और कांग्रेस-जेएमएम के कुछ विधायकों के बीजेपी से संपर्क की चर्चा काफी जोरों से है. इससे पहले हेमंत सोरेन ने सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह और राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से भी मुलाकात की. इस दौरान हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जिस तरह से गैर बीजेपी शासित राज्यों के साथ व्यवहार किया जा रहा है, उसके कारण मामला सुप्रीम कोर्ट में भी चला गया है.

सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान हेमंत ने झारखंड सरकार की ओर से साल भर में किये गये कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमणकाल और देशव्यापी लॉकडाउन के बावजूद झारखंड में विकास कार्यों को गति प्रदान की गयी. जेएमएम और कांग्रेस के कुछ विधायकों के बीजेपी से संपर्क और ऑपरेशन कमल के संबंध में पूछे गये प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है और इस तरह की चर्चा में कोई सच्चाई नहीं है.

मौके पर उपस्थित प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि गठबंधन सरकार चलती है, तो सहयोगी दल के विधायक अपनी-अपनी मांग और बात रखते हैं. इसे नाराजगी के तौर पर नहीं लिया जाना चाहिए. सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है और सरकार उनके सुझावों पर अमल करती है. एक बार फिर आरपीएन सिंह ने दोहराया कि विधानसभा चुनाव के वक्त गठबंधन सरकार की ओर से जो वायदा किया गया था, उसे पूरा किया जायेगा. बीते दिनों केंद्र के लाये कृषि कानून के विरोध में भी कांग्रेस पार्टी ने रांची में किसानों के समर्थन में एक बड़ी रैली और राजभवन मार्च की थी. इसमें वे खुद भी शामिल हुए थे. कांग्रेस पार्टी किसानों के हित के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी.

Related Articles

Back to top button