
Dhanbad: इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में सोमवार को हुई. इसमें फैसला हुआ कि पहले रंगदारी देने की जो भी गलती हुई उसे नहीं दुहरायेंगे. अगर 31 दिसंबर तक मामले का निष्पादन नहीं किया गया तो जिले में स्थित करीब सवा सौ हार्ड कोक भट्ठों को एक साथ बंद कर देंगे. एसोसिएशन ने मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन को भी आड़े हाथ लिया. बीसीसीएल को भी खरी-खोटी सुनाई. कहा, कंपनी जिस तरह का काम कर रही है, उससे लगता है कि वह भी हार्ड कोक भट्ठे को चलने देना नहीं चाहती. बता दें कि कतरास क्षेत्र में भाजपा के बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के संरक्षण में होनेवाली कोयला लोडिंग की पुरानी दर 650₹ प्रति टन की जगह 1250₹ प्रति टन देने को डीओधारक तैयार नहीं हैं. डीओधारक इसे रंगदारी टैक्स बता रहे हैं. जबकि, दूसरा पक्ष इसे मजदूरी बता रहा है. विधायक ढुल्लू के बाद इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन ने धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा पर रंगदारों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है जिस कारण विश्वकर्मा प्रोजेक्ट में लोडिंग नहीं हो रही है.
रतन लाल अग्रवाल ने कहा, हमने मतदान कर पाप किया
एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद के सक्रिय नेता रतन लाल अग्रवाल ने कहा कि हम मतदान करने का प्रायश्चित कर रहे हैं. बीसीसीएल भी दुर्व्यवहार कर रहा है. कोकिंग कोल नहीं दे रहा है. उन्होंने कहा कि कोयला देश के अर्थतंत्र का अहम हिस्सा है.
आफर देने का मतलब क्या हैः बीएन सिंह
एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक के बाद अध्यक्ष बीएन सिंह ने कहा कि हमलोगों ने एरिया 6 से 12 तक में कोयला मांगा था. हमें एरिया एक से पांच तक में 52% आफर के साथ कोयला देने की बीसीसीएल ने पेशकश की. यहां लोडिंग ही बंद है तो आफर का मतलब क्या? कहा कि धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह दिल्ली से आ रहे हैं. उनसे मामले को लेकर बात करेंगे. रंगदारी मामले को लेकर भाजपा की छवि खराब हो रही है.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड में आइएएस और राज्य सेवा अफसरों की भारी कमी, 8 अफसर ले चुके हैं वीआरएस




