
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 120 किलोमीटर दूर जिले के टंडवा कोयलांचल में हिट एंड रन का बड़ा मामला सामने आया है. आज शुक्रवार की देर शाम टंडवा – सिमरिया मुख्य पथ पर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के समीप हुई एक सड़क दुर्घटना में ओमनी कार पर सवार हजारीबाग जिले की केरेडारी ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की दो बहनों की मौत हो गई,जबकि चार बहन घायल हो गई, इनमे से एक को गंभीर अवस्था में रिम्स रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक ब्रह्मकुमारी संस्था की बहने जिले के पत्थलगड्डा प्रखंड में आयोजित शिव जयंती कार्यक्रम में शिरकत करने दो वाहनों से गई थीं. वापस लौटने के क्रम में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटे एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार अन्य बहनों को बचाने उतरी ब्रह्मकुमारी संस्था की बहनों को बेकाबू कोयला ट्रक ने रौंद दिया. इस घटना में मौके पर दो बहनों की मौत हो गई. जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. इनमे से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. घायल ब्रह्मकुमारी सदस्यों को पुलिस ने आनन-फानन में मौके से उठाकर टंडवा स्वास्थ्य उपकेंद्र में भर्ती करवाया है. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एक बहन को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया है.




