National

दंतेवाड़ाः सुरक्षाबलों-नक्सलियों में मुठभेड़, आठ गिरफ्तार

Dantewada: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई, शुक्रवार सुबह हुई इस जबर्दस्त मुठभेड़ में पुलिस ने 8 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस ने नक्सलियों के कैम्प को तबाह कर दिया है. जिला DRG, CRPF और किरंदुल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मुठभेड़ को अंजाम दिया. इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक 303 राइफल भी बरामद की है.

आठ नक्सली गिरफ्तार

एसपी अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि किरंदुल थाना क्षेत्र के हिरोली डोकापारा में मुठभेड़ की यह घटना हुई. दंतेवाड़ा में मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सुरक्षा बलों पर नक्सलियों ने जगह-जगह पर फायरिंग शुरू कर दी. जिसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए आठ नक्सलियों को गिरफ्तार किया.

इससे पहले बुधवार को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एक पुलिस दल ने मुठभेड़ में एक नक्सली कमांडर को मार गिराया. बुधवार रात को सुकमा और दंतेवाड़ा जिले से एसटीएफ और डीआरजी के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान में फुलबगड़ी, अरनपुर और गादीरास क्षेत्र में रवाना किया गया था. दल जब फुलबगड़ी क्षेत्र में था, तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की.

वही 14 नवंबर को छत्तीसगढ़ के ही बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ में एक IED ब्लास्ट में बीएसएफ के कई जवान घायल हो गए. नक्सलियों ने जवानों को ले जा रही बस को निशाना बनाया था. इस मुठभेड़ में 4 BSF जवान, 1 DRG और एक नागरिक घायल हो गए थे.

इसे भी पढ़ेंः48 सालों तक राज करने वालों के वंशज पूछ रहे कि कृषि की योजनाएं लंबित…

Related Articles

Back to top button