
NewDelhi : साइक्लोन निवार के तटीय इलाकों से टकराने के बाद तमिलनाडु और पुदुचेरी में भारी बारिश होने की खबर है. हालांकि, तूफान के पुदुचेरी में टकराते ही हवाओं की रफ्तार कम हो गयी है. लेकिन तूफान प्रभावित इलाकों में नुकसान हुआ है. पूरे तमिलनाडु में एजेंसियों को अभी भी हाई एलर्ट पर रखा गया है. पुदुचेरी की एलजी किरण बेदी ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि हालात अभी कंट्रोल में हैं. सरकार की तरफ से लोगों से अपील की जा रही है कि वे सतर्क रहें और घर में रहें.
इसे भी पढ़े : एक लाख करोड़ डॉलर का बाजार, कब्जा जमाने की जुगत में अंबानी और बेजोस, जंग जारी…
पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 30 सेमी बारिश
जान लें कि पुडुचेरी और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में बुधवार देर रात तबाही मचाने के बाद निवार चक्रवात अब तमिलनाडु के उत्तरी तटीय इलाके पर केंद्रित हो गया है. ताजा जानकारी के अनुसार निवार से तमिलनाडु में तीन लोगों की जान गयी है. पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 30 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गयी. चेन्नई में भी अब तक 14 सेमी बारिश दर्ज की जा चुकी है. राज्य में खराब मौसम बना हुआ है.
इसे भी पढ़े : उपराष्ट्रपति ने कहा, न्यायपालिका का हस्तक्षेप बढ़ा है…कुछ अदालती फैसले यही इशारा करते हैं…
तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में रेड अलर्ट का ऐलान कर दिया है. आईएमडी के मुताबिक, चित्तूर, कुरनूल, प्रकाशम, कुडप्पा और रायलसीमा में निवार तूफान के कारण भारी से भारी बारिश होने की संभावना है. बता दें कि पुडुचेरी और तमिलनाडु में पहले ही चक्रवाती तूफान की वजह से जबरदस्त बारिश हो चुकी है।
हालांकि पुडुचेरी और तमिलनाडु से गुजरने के बाद निवार का स्तर बहुत खतरनाक चक्रवाती तूफान से खतरनाक चक्रवाती तूफान के स्तर पर पहुंच गया. बताया गया है कि अगले तीन घंटे में यह चक्रवात और कमजोर पड़ेगा. फिलहाल इसकी हवा की रफ्तार 85-95 किमी प्रतिघंटा है, जो कि तट से टकराते वक्त करीब 130-140 किमी प्रतिघंटा रही थी.
इसे भी पढ़े : सर्वे : सोचिए, एशिया में नंबर वन घूसखोर हैं भारतीय… कम्बोडिया दूसरे और इंडोनेशिया तीसरे नंबर पर…
रात से ही मौसम बेहद खराब हो गया
पुडुचेरी और तमिलनाडु में निवार चक्रवात की वजह से रात से ही मौसम बेहद खराब हो गया. तमिलनाडु के 16 जिलों में सरकार ने सार्वजनिक अवकाश का ऐलान तक कर दिया. हालांकि, तूफान के कमजोर पड़ने की वजह से चेन्नई में एयरपोर्ट का संचालन सुबह 9 बजे से ही शुरू हो गया. चेन्नई में मौसम विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एस बालचंद्रन ने बताया कि तूफान फिलहाल जमीन के इलाके की तरफ है, इसलिए यहां भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी.
तूफान अब उत्तर-उत्तरपश्चिम की तरफ बढ़ेगा
मौसम विभाग का अनुमान है कि निवार तूफान अब उत्तर-उत्तरपश्चिम की तरफ बढ़ेगा. इसी के मद्देनजर आंध्र प्रदेश में तटीय इलाकों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. हालांकि, चक्रवात के शाम 5.30 बजे तक गहरे दबाव में जाने के संकेत हैं. शुक्रवार सुबह 5.30 बजे इसके कम दबाव वाले क्षेत्र में जाने की उम्मीद जताई गयी है.
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में निवार चक्रवात के खतरे को देखते हुए राज्य में एनडीआरएफ की छह टीमें तैनात की गयी हैं. NDRF के डीआईजी रणदीप राणा ने बताया कि तूफान के मद्देनजर तमिलनाडु में 15 और पुडुचेरी में 4 टीमें लगाई गयी थीं. उन्होंने कहा कि चक्रवात धीमा हुआ है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है.




