
Chakradharpur : भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पवन शंकर पांडे ने नगर परिषद के द्वारा लगाए गए मॉडल शौचालय पर सवाल उठाते हुए बयान जारी किया है. उन्होंने कहा कि नगर परिषद में भ्रष्टाचार का बोलबाला है. कुछ माह पूर्व चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र में मॉडल शौचालय कई स्थानों पर स्थापित किए गए थे परंतु अब तक उक्त मॉडल शौचालय में ताला लटक रहा है जिसका उपयोग नहीं हो पा रहा है. शहर में वह शौचालय शोभा की वस्तु बनी हुई है. आम नागरिक उसे केवल देखकर ही संतोष कर रहे हैं. स्थापित करने के पूर्व भी नगर परिषद चक्रधरपुर के द्वारा क्षेत्र के कई स्थानों पर मॉडल शौचालय स्थापित किए जा चुके है जिसकी स्थिति अब बद से बदतर है जिसका उपयोग भी अब कोई नहीं करता क्योंकि वहां गंदगी का अंबार लगा हुआ रहता है. साथ ही उक्त शौचालय में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है. वही हाल वर्तमान में स्थापित किए गए मॉडल शौचालय का भी है. केवल खरीद में बड़े पैमाने पर कमीशन की लेनदेन हुई है और खरीद कर स्थापित कर दी गई है.जिसकी जांच सच्चाई से होनी चाहिए. उन्होंने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की हैं कि चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र में जितने भी मॉडल शौचालय स्थापित हुए हैं उसका उपयोग नागरिकों द्वारा हो इस निमित्त कदम उठाने की आवश्यकता है. साथ ही इसके खरीद में जो भी गड़बड़ियां हुई है, उसकी सच्चाई से जांच कर न्याय संगत कार्रवाई करने की आवश्यकता है ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके.




