
Ranchi: बीआईटी छात्रा पल्लवी कुमारी मौत मामले में आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस आरोपी पीयूष तिवारी के संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है. घटना के बाद आरोपी बनारस चला गया था, अब जानकारी मिल रही है कि वह बनारस से बिहार पहुंच गया है. आरोपी लगातार ठिकाना बदल रहा है, वह किसी भी जगह पर अधिक देर नहीं रुकता है. माना जा रहा है कि वह यूपी बिहार के बीच लगातार ठिकाना बदल रहा है. इस वजह से पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है. एसआईटी की टीम लगातार यूपी, बिहार में आरोपी के संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है. एसआईटी की टीम में डीएसपी मुख्यालय-एक नीरज कुमार, नामकुम थाना प्रभारी सुनील तिवारी, टाटीसिलवे थाना प्रभारी महेद्र करमाली और एएसआई बालेंद्र कुमार शामिल हैं. हालांकि अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
रेलवे ट्रैक के समीप मिला था युवती का शव
राजधानी रांची के नामकुम प्रखंड के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के आरा गेट डेयरी फार्म स्थित रेलवे ट्रैक के समीप से बीते सोमवार को पुलिस ने पल्लवी कुमार नामक एक छात्रा का शव बरामद किया था. उसकी पहचान मोरहाबादी कुसुम विहार के रोड नंबर 9 निवासी विजय राम की 17 वर्षीया बेटी पल्लवी कुमारी के रूप में की गयी थी. बीआईटी मेसरा की छात्रा पल्लवी के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. घटना के दिन युवती काले रंग की स्कूटी से दो लड़के एवं तीन अन्य दोस्तों (लड़की) के साथ वहां पहुंची थी. सभी किसी बात को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पता चला था कि युवती की मौत ट्रेन में टकराने से नहीं हुई है. उसकी मौत सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट से हुई है. आशंका जताया जा रहा है कि धारदार हथियार से मारकर हत्या किया गया है. यह भी जानकारी मिल रही है कि युवती का पीयूष तिवारी के साथ विवाद हुआ था.




