
Ranchi : मुंबई में कोरोना जांच के लिए सैंपल देकर टैक्सी से रांची पहुंचे गिरिडीह जिले के एक युवक की रिपोर्ट वहां पॉजिटिव पायी गयी है.
रांची आकर उसने खुद 1950 पर फोन कर इसकी जानकारी दी जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम जाकर उसे रिम्स के कोविड-19 सेंटर ले आयी है.
32 वर्षीय युवक ने खुद को गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के भेलवा गांव का निवासी बताया है. वह मुंबई में किसी सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता है.
इसे भी पढ़ें – #Jharkhand में रजनीगंधा, पान पराग सहित 11 ब्रांडों के पान मसालों की बिक्री पर प्रतिबंध
चार लोग निकले थे साथ, चारो पॉजिटिव पाये गये
युवक ने बताया है कि वह और उसके तीन साथियों ने मुंबई में 4 मई को सैंपल दिया था. उसके बाद 6 मई को एक टैक्सी में सवार होकर घर के लिए निकले. तीन अन्य साथी बिहार के दरभंगा के रहने वाले हैं.
6 मई को निकलने के बाद रास्ते में ही मुंबई फोन आया कि चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. शुक्रवार को जब वे रांची पहुंचे तो गिरिडीह का युवक यहीं उतर गया और बहु बाजार से ही 1950 पर कॉल कर जानकारी दी.
स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके लोकेशन तक पहुंची और एंबुलेंस से उसे रिम्स ले आयी.
उसके अन्य तीन साथी टैक्सी से दरभंगा पहुंच गये हैं और वहां स्थानीय प्रशासन को सूचना देकर इलाज के लिए भर्ती हो गये हैं.




