Corona_UpdatesNational

CoronaUpdate: 24 घंटे में रिकॉर्ड 9304 नये केस, अबतक 6 हजार से ज्यादा की मौत

New Delhi: देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेलगाम होते जा रही है. पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 9 हजार से ज्यादा नये केस सामने आये हैं. और इसके साथ ही देश में संक्रमितों की कुल संख्या 2,16,919 हो गयी है. वहीं एक दिन में वायरस संक्रमण से 260 लोगों की जान जाने से मौत का आंकड़ा 6 हजार को पार कर चुका है. राहत की बात है कि करीब 50 फीसदी यानी 1 लाख 4 हजार 107 मरीज कोरोना से जंग जीत चुके हैं.

इसे भी पढ़ेंःदेवघर: चाकू मारकर मां-बेटी की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

एक दिन में रिकॉर्ड 9 हजार से अधिक मरीज

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 9,304 मामले आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2,16,919 पर पहुंच गयी है. वहीं 260 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 6,075 हो गई है.

फिलहाल देश में 1,06,737 एक्टिव केस हैं. जबकि करीब आधे लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं. इस बीमारी से स्वस्थ होनेवालों का आंकड़ा 1,04,107 है.

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के अनुसार देश में अबतक 42,42,718 सैंपल की कोरोना जांच हुई है. उनमें से 1,39,485 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में की गयी है.

कोरोना की चपेट में रक्षा सचिव

कोरोना की आग रक्षा मंत्रालय तक पहुंच गयी है. रक्षा सचिव अजय कुमार में बुधवार को कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है. जिसके बाद रक्षा मंत्रालय ने उनके संपर्क में आए लोगों का पता लगाने को लेकर व्यापक अभियान चलाया. बुधवार सुबह कुमार में लक्षण दिखाई देने की जानकारी होने के बाद रायसीना हिल्स के साउथ ब्लॉक में मंत्रालय के मुख्यालय में कार्यरत कम से कम 35 अधिकारियों को घरों में ही पृथक-वास में भेजा गया.

इसे भी पढ़ेंःभारत से सीमा विवाद को लेकर चीन ने तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से किया इनकार

माना जा रहा है कि सावधानी बरतने के मद्देनजर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यालय नहीं आए. रक्षा मंत्री, रक्षा सचिव, सेना प्रमुख और नौसेना प्रमुख के कार्यालय साउथ ब्लॉक के फर्स्ट फ्लोर पर हैं. रक्षा सचिव के अलावा लुटियन जोन में कम से कम आधा दर्जन मंत्रालयों के दफ्तर भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं.

यूपी में राहत

बढ़ते संक्रमण के बीच उत्तर प्रदेश के लिए एक राहत भरी खबर है. दरअसल कोरोना वायरस महामारी और लॉकडाउन के कारण, दूसरे राज्यों से यूपी लौटे प्रवासी मजदूरों में संक्रमण की दर काफी कम है. डेटा से पता चलता है कि राज्य में वापस लौटे मजूदरों में कोरोना संक्रमित होने की दर महज तीन फीसदी रही जबकि बीते दो महीने से प्रवासी मजदूर यूपी लौट रहे हैं.

आंकड़ों के अनुसार बीतें दस दिनों से यही स्थिति बनी हुई है. एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम के आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में वापस लौटे 11.68 लाख प्रवासी निगरानी में हैं. इनमें से 74,237 प्रवासियों का कोरोना टेस्ट किया गया है और 2,404 पॉजिटिव मामले निकले हैं जो 3.2 फीसदी है.

इसे भी पढ़ेंःकेरल सरकार ने हाथी की मौत मामले की जांच के दिये आदेश, केन्द्र ने मांगी रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button