
Kolkata: कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और केंद्र सरकार की ओर से जारी निर्देशिका पर अमल करते हुए राज्य सरकार ने राज्य के सभी शिक्षण संस्थान आगामी 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश जारी किया है.
शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी की गयी निर्देशिका में राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों, मदरसों और अन्य शिक्षण संस्थानों को 16 मार्च से 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
राज्य सरकार की ओर से जारी निर्देशिका में कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ और केंद्र सरकार की निर्देशिका में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का सुझाव दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : 500 करोड़ की बिजली हर महीने खरीदती है जेबीवीएनएल, बिजली बिल से राजस्व वसूली मात्र 300 करोड़
माध्यमिक बोर्ड की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी
इसे मानते हुए राज्य सरकार ने निजी और सरकारी सभी तरह के शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया है. स्कूलों में होने वाली परीक्षाएं भी रद्द रहेंगी. हालांकि उच्च माध्यमिक बोर्ड की जो परीक्षा चल रही है वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी.
उल्लेखनीय है कि उच्च माध्यमिक परीक्षा 11 मार्च से शुरू हुई थी जो 27 मार्च तक होगी. शुक्रवार को कोलकाता के साउथ प्वाइंट स्कूल ने कोरोना वायरस से बचाव को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद करने की निर्देशिका जारी की थी. देश के कई अन्य राज्यों ने पहले ही स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का निर्णय लिया है.
इसे भी पढ़ें : कस्तूरबा आवासीय स्कूल के एडमिशन रूल में बदलाव, अब छात्राओं को देनी होगी लिखित परीक्षा




