
Kolkata: यह एक ऐसे ठग की दास्तान है जो अपने मतलब के लिए कभी हिंदू बन जाता तो कभी मुसलमान. हद तो तब हो गयी जब उसने दो अलग-अलग आईडी का इस्तेमाल करके 4 शादियां भी कर ली. अभिजीत मंडल उर्फ शेख मुजीबुर रहमान, मतलब जब जरूरत पड़ती तो वह हिंदू बन जाता तो कभी अपनी पहचान मुस्लिम के तौर पर बताता. खुद को सीआरपीएफ कर्मी बताने वाले अभिजीत मंडल उर्फ शेख मुजीबुर रहमान अब तक चार लड़कियों को फंसाकर उनसे शादी कर चुका है. जानकारी के अनुसार वह और तीन लड़कियों से इसी तरह शादी करने वाला था. पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में पता चला है कि यह शख्स चार शादी करने के बाद तीन और लड़कियों के संपर्क में था और इन तीनों से शादी करने की तैयारी कर रहा था.
वोटर आईडी पर अभिजीत मंडल तो आधार पर नाम शेख मुजीबुर रहमान
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत मंडल उर्फ शेख मुजीबुर रहमान को कोलकाता के सरसुना थाने की पुलिस ने पकड़ा है. पुलिस ने इस व्यक्ति के पास से अभिजीत मंडल के नाम से वोटर कार्ड और शेख मुजीबुर रहमान के नाम से आधार कार्ड बरामद किया है. मतलब वह दो पहचान के साथ जी रहा था. पश्चिम बंगाल की पुलिस इस शख्स को पिछले तीन महीने से तलाश कर रही थी, लेकिन हर बार वह चकमा देकर निकल जाता. आखिरकार पुलिस ने उसके पीछे अपना पूरा नेटवर्क लगाया और दीघा से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को शिकायत मिली थी कि यह शख्स खुद को सीआरपीएफ का अधिकारी बताकर शादी करता है और बाद में रुपए व गहने लेकर फरार हो जाता है. पहचान बदलकर वह अब तक चार शादी कर चुका है और चारों को इसी प्रकार से ठग चुका है.
तीन मुस्लिम और एक हिंदू युवती से कर चुका है शादी
पुलिस पूछताछ में इस शख्स ने बताया कि वह मेट्रीमोनियल साइट पर शादी का विज्ञापन देने वाली लड़कियों से खुद को सीआरपीएफ अधिकारी बताकर बात करता था. इसके बाद शादी की बात करता और बाद में पैसे और गहनों पर हाथ साफ करके निकल जाता. पहचान बदलकर वह अब तक तीन मुस्लिम और एक हिंदू लड़की से शादी कर चुका है. तीन और लड़कियों को फंसाने के लिए वह प्लान बना रहा था. उनके साथ भी वह खुद को सीआरपीएफ अधिकारी बताकर ही बात चला रहा था. हालांकि, इन तीनों लड़कियों को शिकार बनाने से पहले ही वह पकड़ा गया.
आरोपी के पास से बरामद हुए 6 मोबाइल नंबर
पुलिस के मुताबिक, सीआरपीएफ में ऊंचे पद की धौंस देकर वह एक व्यक्ति से दो लाख रुपए भी ठग चुका है. उसके पास से छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. वह अलग-अलग नंबरों से अलग लड़कियों के साथ बात करता था और उन्हें जाल में फंसाता था. पुलिस ने आरोपी को कोलकाता लाकर कोर्ट में पेश किया, जहां उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. अब आरोपी के साथ पूछताछ की जा रही है.




