
Ranchi: कृषि, पशुपालन विभाग, झारखंड ने किसानों, एसएचजी एवं अन्य सहायता समूहों को कृषि उपकरण बैंकों की मदद से कृषि उपकरण बांटे हैं. उसे अब इसकी मरम्मति की चिंता सताने लगी है. बैंकों के जरिये पिछले कुछ वर्षों में किसानों और जरूरतमंदों को मिनी ट्रैक्टर, ट्रैक्टर, ट्रैक्टर चालित यंत्र, पावर टीलर, रीपर, पंप सेट, राईस हॉलर, कल्टीवेटर, डिक्स हैरो, सीड ड्रील कम फर्टिलाइजर इत्यादि उपलब्ध कराये जा रहे हैं. पर स्थानीय स्तर पर इन यंत्रों की मरम्मति गहरी चिंता का सबब बन गया है. संबंधित निर्माता, आपूर्तिकर्ता द्वारा भी मिस्त्री और मैकेनिक की उपलब्धता सभी प्रखंडों और ग्राम स्तर पर सुनिश्चित नहीं हो पा रही है. यहां तक कि वारंटी अवधि में भी मिनी ट्रैक्टर, पावर टीलर, रीपर, राईस ट्रांसप्लांटर, पंप सेट, राईस हॉलर और अन्य उपकरणों की जरूरी सर्विसिंग समय पर कर पाना मुश्किल हो रहा है. इसे देखते विभाग ने तत्काल 30 मैकेनिक तैयार करने का फैसला लिया है.
एक माह में तैयार होंगे मैकेनिक
जेएमएमटीटीसी, रांची के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कृषि अभियंत्रण) की ओऱ से सूचना जारी करते बताया गया है कि कृषि यंत्रों के विशेष मरम्मति, परिचालन एवं रख-रखाव हेतु वित्तीय वर्ष 2022-23 में तत्काल 30 तकनीकी योग्यता वाले नवयुवकों को 30 दिनों की ट्रेनिंग दी जायेगी. 3 जनवरी से 1 फरवरी तक यह आवासीय प्रशिक्षण संस्थान के काजू बागान, रांची स्थित पते पर दी जायेगी. हर जिले से राज्य के एक-एक युवक को प्रशिक्षण दिये जाने का लक्ष्य है. प्राथमिकता वैसे युवकों को मिलेगी जिन्होंने आईटीआई, पॉलिटेक्निक से फीटर, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाईल इंजीनियरिंग, कृषि इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा प्राप्त कर रखा हो. इच्छुक कैंडिडेट अपने जिले के भूमि संरक्षण पदाधिकारी, भूमि संरक्षण सर्वे पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी या जिला उद्यान पदाधिकारी से अनुशंसा कराते हुए सादे कागज पर जरूरी जानकारी के साथ आवेदन करेंगे. संबंधित जिला के निर्धारित पदाधिकारी से अनुशंसा कराते हुए या कार्यपालक निदेशक (कृषि अभियंत्रण), जेएमएमटीटीसी, कृषि भवन, कांके रोड, रांची-834008 को डाक ये साय सीधे ई-मेल [email protected] के माध्यम से उपलब्ध कराएंगे. जानकारी के लिए फोन नंबर 8603229188 पर संपर्क किया जा सकता है.




