
Ranchi: देवघर के तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी की उपस्थिति में ही ग्रामीणों द्वारा मुकेश सिंह और चालक को पीट-पीट कर हत्या कर दिए जाने के मामले में मूकदर्शक बने तत्कालीन बीडीओ प्यारेलाल फंस गये हैं. प्यारेलाल अभी रांची जिले के सोनाहातू अंचल के अंचल अधिकारी हैं. 2016 में ग्रामीणों ने आंतकी होने के संदेह में दोनों व्यक्तियों की पीटकर हत्या कर दी थी. पूरे मामले पर जांच बैठी थी. उपायुक्त देवघर ने सरकार को यह रिपोर्ट किया की बीडीओ वहीं उपस्थित थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने भीड़ को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया, जिस वह से बड़ी घटना घट गयी.
डीसी ने 2017 में प्रपत्र क गठित कर कार्रवाई की अनुशंसा की. मामले पर राज्य सरकार ने उनसे स्पष्टीकरण भी पूछा था. जवाब से संतुष्ट नहीं होने के बाद उनके उपर विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश दिया गया है. जांच संचालन पदाधिकारी सेवानिवृत आइएएस अधिकारी अरविंद कुमार को बनाया गया है. उपस्थापन पदाधिकारी देवघर के उप समाहर्ता को बनाया गया है. सोनाहातू सीओ से 15 दिनों मे अपना बचाव बयान देने को कहा गया है. इस संबंध में कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर दिया है.




