
Ranchi: धनबाद के जज उत्तम आनंद हत्याकांड मामले में दर्ज कोर्ट के स्वत संज्ञान की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में गुरुवार को हुई। सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने हाई कोर्ट की खंडपीठ को मौखिक बताया गया कि जज उत्तम आनंद हत्याकांड की जांच पूरी कर ली गई है और फाइनल फॉर्म निचली अदालत में दाखिल किया जा चुका है। उनकी ओर से हाईकोर्ट को इस संबंध में शपथ पत्र दाखिल किए जाने की बात कही गई। इसके बाद खंडपीठ ने अगली सुनवाई 21 अक्टूबर निर्धारित की है। दरअसल, पूर्व की सुनवाई में हाईकोर्ट ने कहा था कि जज उत्तम आनंद हत्याकांड मामले के दोनों दोषियों को अब सजा हो चुकी है, अभियुक्त के व्हाट्सएप चैट में कुछ नहीं मिला है। फॉरेंसिक लैब में नियुक्ति से संबंधित जेपीएससी का मामला भी सुलझ गया है। सीबीआई की ओर से हाईकोर्ट में दायर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर बताया गया था कि सीबीआई को अभियुक्तों की वाट्सएप चैट की रिपोर्ट अमेरिका से मंगानी थी, यह रिपोर्ट आ गई है, लेकिन इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं है। इस पर अदालत ने कहा था कि जब रिपोर्ट आ गई है और उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला तथा निचली अदालत से अभियुक्तों को सजा भी सुना दी गई है, तो अब इस मामले में आगे की सुनवाई की जाएगी।
बता दें कि 28 जुलाई 2021 की सुबह जज उत्तम आनंद की ऑटो से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में स्पीडी ट्रायल कर अभियुक्तों को सजा सुनाई गई थी।धनबाद सीबीआई की विशेष अदालत ने 6 अगस्त 2022 को दोषी राहुल वर्मा और लखन वर्मा को उम्र कैद की सजा सुनाई थी. कोर्ट ने दोषियों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया. कोर्ट ने इन्हें अंतिम सांस तक जेल में रहने की सजा दी थी।यह फैसला सीबीआई जज रजनीकांत पाठक ने सुनाया था.




