
Ranchi: राष्ट्रीय निशानेबाज कोनिका लायक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर विधायक राज सिन्हा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले. उनके साथ कोनिका के माता-पिता भी थे. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि सरकार मामले की जांच कराएगी एवं परिजनों को न्याय मिलेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बंगाल की सरकार से भी इस मामले में बातचीत करेंगे. मुख्यमंत्री ने गृह विभाग के प्रधान सचिव और पुलिस महानिदेशक को कोनिका लायक मौत मामले को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए.
मालूम हो धनबाद की 26 वर्षीय निशानेबाज कोनिका लायक की हावड़ा (पश्चिम बंगाल) में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. हावड़ा पुलिस खुदकुशी का मामला मान रही है. इधर, कोनिका के पिता प्रीतम लायक ने हत्या की आशंका जताई है. उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है. इसमें एक व्हाट्सएप चैट का जिक्र किया जा रहा है जिसमें यह कहा जा रहा है कि कोनिका लायक की मौत से पहले उनके व्हाट्सएप चैट पर एक धमकी भरा मैजेस आया था, जिसमें लिखा था- ‘तुम देखना अब आगे क्या-क्या होता है’.




