
Chandigarh: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज फिर से विवाह बंधन में बंध रहे हैं. वह सेहरा बांध कर सात फेरे के लिए तैयार हैं. रस्मो-रिवाज जारी है. हरियाणा के पिहोवा निवासी डॉ गुरप्रीत कौर साथ दिन के दो बजे फेरे लेंगे. सादे समारोह के दौरान विवाह की रस्में हो रही है. वर-वधू परिवार के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व सांसद राघव चड्ढा भी समारोह में शामिल हैं. दोनों वैवाहिक रस्मों में भी शामिल हो रहे हैं. केजरीवाल ने पिता व चड्ढा ने भाई का रस्म निभाया.

मालूम हो कि भगवंत मान की पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर से उनका 2015 में तलाक हो गया था. पहली शादी से दो बच्चे दिलशान (17) और सीरत (21) हैं. दोनों बच्चे मां के साथ अमेरिका में रहते हैं. हाल में मान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने दोनों पहुंचे थे. कहा जाता है कि पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर को यह पसंद नहीं था कि मान राजनीति में उतरे. तालाक की वजह इसी को माना जा रहा है.

डॉ. गुरप्रीत कौर मूल रूप से हरियाणा के पिहोवा के वार्ड 5 स्थित तिलक कॉलोनी की रहने वाली हैं. उन्होंने अंबाला के मुलाना मेडिकल कॉलेज से MBBS की पढ़ाई की है. फिलहाल राजपुरा में रहती हैं. दोनों के बीच पारिवारिक संबंध है. भगवंत और गुरप्रीत की 2019 में पहली बार मुलाकात हुई थी. उस समय मान संगरूर से सांसद थे. वे मान के CM पद के शपथ समारोह में भी दिखाई दी थीं.




