JharkhandLead NewsRanchi

मुख्यमंत्री ने प्रचार वाहनों का फ्लैग ऑफ किया, झारखंड की रजत जयंती पर विकास यात्रा पहुंचेगी घर-घर

Ranchi: राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में आज सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जन-जागरूकता हेतु संचालित प्रचार वाहनों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

ये प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों और गाँवों में भ्रमण कर 25 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुँचाएंगे. इन वाहनों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा सभी वर्गों को राज्य के समेकित विकास में भागीदारी हेतु प्रेरित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रजत जयंती की बधाई देते हुए कहा कि झारखंड की यह 25 वर्षीय यात्रा आत्मगौरव और विकास का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि सरकार राज्य निर्माण की संकल्पना को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि रजत जयंती के साथ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाना आदिवासी-मूलवासी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर है.

सांस्कृतिक विरासत की झलक ने मोहा मन

कार्यक्रम में झारखंड की विविध संस्कृति और परंपरा की मनमोहक झलकियां पेश की गईं. पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और झारखंडी वाद्य यंत्रों की धुनों ने वातावरण को जीवंत बना दिया. दुमका के संताली बैंड सहित स्थानीय लोककलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं और झारखंड की सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया.

 

Related Articles

Back to top button