
Koderma : 16 जनवरी से कोविड-19 के खिलाफ आरंभ हो रहे टीकाकरण को लेकर डीसी रमेश घोलप ने बताया कि टीकाकरण की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुबह 10:30 बजे की जायेगी. उसके बाद जिला स्तर पर टीकाकरण प्रारंभ किया जायेगा. उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को कोविड-19 के दो डोज दिये जायेंगे. पहला डोज देने के बाद अगले 28 दिन बाद दूसरा डोज दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें- COVID-19 : धनबाद में सबसे पहले सफाई कर्मचारी को दी जायेगी वैक्सीन
3950 डोज हैं उपलब्ध
उन्होंने बताया कि 3950 डोज विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गये हैं. सेशन साइट सदर अस्पताल कोडरमा के लिए अपर समाहर्ता एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोडरमा के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. 16 जनवरी से दो स्थानों पर टीकाकरण शुरू किया जायेगा, जबकि 18 जनवरी से कुल पांच जगहों पर टीकाकरण किया जायेगा. इनमें सदर अस्पताल एवं चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- पलामू : पहले दिन 200 हेल्थ वर्कर्स को पड़ेगा कोविशील्ड का टीका, MMCH और चैनपुर CHC से होगी शुरुआत
बीमारों और गर्भवती महिलाओं को नहीं दिया जायेगा टीका
डीसी ने बताया कि बीमार एवं गर्भवती महिलाओं को यह टीका नहीं दिया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग से संबंधित सफाईकर्मी को टीका सबसे पहले दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि कभी-कभी किसी व्यक्ति को किसी अन्य प्रकार की एलर्जी होती है, जिसको लोग अफवाह के रूप में फैलाने लगते हैं कि टीकाकरण की वजह से ही ऐसा हो रहा है, तो ऐसी बातों को दरकिनार करें और किसी भी अफवाह से बचें.
अफवाह फैलानेवालों पर होगी कार्रवाई
डीसी ने कहा कि अपने घर पर कम से कम छह हफ्ते तक कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए सुरक्षित रहें. उन्होंने कहा कि अफवाह फैलानेवाले लोगों पर नियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जायेगी. मौके पर उप विकास आयुक्त आर रॉनिटा, निदेशक डीआरडीए नेलसम एयोन बागे, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, सिविल सर्जन डॉ पार्वती कुमारी नाग, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अभय भूषण प्रसाद, जिला गव्य विकास पदाधिकारी मुकुल सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी भगीरथ प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार व अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें- पलामू : पकौड़ा खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोग बीमार, MMCH में भर्ती




