
Ranchi: रांची में महिलाओं में ड्राइविंग के प्रति रुझान बढ़ा है. चाहे वो टू व्हीलर या फोर व्हीलर. जिला परिवहन कार्यालय में दर्ज आंकड़े ये बता रहे हैं कि महिलाओं में ड्राइविंग के प्रति रूचि लगातार बढ़ रही है. ड्राइविंग लाइसेंस पाने वाली महिलाओ की संख्या में साल दर साल वृद्धि हो रही है. वर्ष 2020 में महिलाओं द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की संख्या 667 थी, जो इस वर्ष बढ़ कर 3421 हो चुकी है. बता दें कि 667 का यह आंकड़ा वर्ष 2020 में जनवरी से लेकर दिसंबर तक के हैं. वर्ष 2022 में अभी चार माह शेष हैं, जाहिर है यह आंकड़ा और बढ़ेगा.
लाइसेंस लेने वाले पुरुषों की संख्या भी बढ़ी
ड्राइविंग लाइसेंस बनाने में पुरुषों का भी आंकड़ों में लगातार वृद्धि हो रही है. वर्ष 2020 में 5201 पुरुषों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाये. वहीं, 2021 में यह आंकड़ा बढ़ कर 16488 हो गया. ये सारे आंकड़े जनवरी से लेकर दिसंबर तक के हैं. लेकिन 2022 में जनवरी से अगस्त तक में ये आंकड़ें बढ़कर 17771 हो गया. जबकि, 21675 लोगों ने लर्निंग के लिये आवेदन जमा किये हैं.
2022 में ड्राइविंग लाइसेंस का आंकड़ा पहुंचा 21192
पिछले वर्ष की तुलना में ड्राइविंग लाइसेंस के आंकड़ों में काफी इजाफा हुआ है. यह आंकड़ा साल दर साल बढ़ता जा रहा है. वर्ष 2021 में कुल 18934 लाइसेंस बनें. ये आंकड़े जनवरी से दिसंबर तक के हैं. वहीं, इस वर्ष ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 21192 हो चुका है.
कुल लाइसेंस के आंकड़े इस प्रकार हैः
वर्ष लर्निंग लाइसेंस के आवेदन ड्राइविंग लाइसेंस बने
जनवरी से दिसंबर-2020 24138 5868
जनवरी से दिसंबर-2021 35077 18934
जनवरी से अगस्त-2022 25777 21192
ड्राइविंग लाइसेंस वर्षवार महिला और पुरूष के आंकड़े
वर्ष पुरुषों के लाइसेंस महिलाओं के लाइसेंस कुल लाइसेंस
2020 5201 667 5868
2021 16488 2446 18934
2022 17771 3421 21192 (जनवरी से अगस्त)
लाइसेंस के लिये कौन-कौन से दस्तावेज की जरूरत
-स्थानीय पते के लिये वोटर कार्ड, पासपोर्ट या फिर एसआईसी के डॉक्यूमेंट
– जन्म का प्रमाण पत्र में मैट्रिक का सर्टिफिकेट या बर्थ सर्टिफिकेट
-40 से नीचे वालों के लिये फॉर्म-1 का डिक्लिरियेशन देना होगा
-40 से ऊपर वालों के लिये फॉर्म-1(ए) यानी मेडिकल सर्टिफिकेट देना होगा
कब-कब होता है टेस्ट
ड्राइविंग टेस्ट केवल शनिवार व रविवार को छोड़ बाकि सारे दिन होते हैं. ड्राइविंग टेस्ट 10 से बजे से शुरू होता है. जो दिन के 2 बजे तक होता है. यह टेस्ट मोरहाबादी में होता है. 10 बजे से लेकर दिन के बजे के बीच एक-एक घंटे का स्लॉट बुक होता है.
क्या कहते हैं जिला परिवहन पदाधिकारी
रांची के जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश कहते हैं कि ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वालों की संख्या में वृद्धि अच्छी बात है. जहां तक महिलाओं की बात है तो अब महिलाएं कहीं भी पीछे नहीं हैं. ड्राइविंग लाइसेंस के लिये महिलाओं के आवेदन लगातार मिल रहे हैं.




