
Ranchi: चाईबासा में गुरुवार को आइइडी ब्लास्ट होने से तीन जवान शहीद हो गये. चार घायल हुए हैं जिनका इलाज मेडिका, रांची में चल रहा है.
वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. साथ ही कहा है कि वे स्वयं भी पुलिस सेवा में रह चुके हैं. महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए दायित्व निर्वाहन किया है. उन्हें यकीन है कि ऐसी घटनाओं से पुलिस का मनोबल नहीं टूटने वाला.
बल्कि पुलिस अब दोगुने उत्साह से उग्रवादियों से मुकाबला करेगी. राज्य सरकार पुलिस बल के जवानों के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ खड़ी है. जवानों का मनोबल किसी भी कीमत पर गिरने नहीं दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: IND vs ENG: फिर अक्षर की फिरकी में फंसा इंग्लैंड, पहली पारी 205 रन पर सिमटी
पुलिसिया कार्रवाई से नक्सलियों के हौसले पस्त
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ताओं ने राज्य सरकार से शहीद जवानों को पूरा राजकीय सम्मान दिए जाने की मांग की है. साथ ही घायलों को बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी कार्यालय में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी.
प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे एवं लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा के नेतृत्व में अपनी जान की परवाह किए बगैर प्रदेश की सुरक्षा में जवान लगे हुए हैं. पुलिस की दबिश की वजह से नक्सली और उग्रवादियों का मनोबल गिरता जा रहा है. नक्सली घटनाओं में बड़ी कमी आई है.
जैप-1, जगुआर, सीआरपीएफ, झारखंड पुलिस सहित तमाम पुलिस बटालियन ने पूरे कोरोना काल से लेकर अब तक संवेदनशीलता एवं मानवता के साथ कार्य किया है. यह झारखंड में एक उदाहरण बना है. इसी का प्रतिफल है कि नक्सली व आपराधिक गतिविधियां कम हुई हैं.
इसे भी पढ़ें: हाइकोर्ट में हुई राजधानी के जलाशयों के मामले में सुनवाई, नगर निगम को मिला दो सप्ताह का समय
सर्च ऑपरेशन पर थे जवान
गौरतलब है कि चाईबासा में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी जंगल में बलास्ट हुआ है. सर्च ऑपरेशन के लिए निकले सुरक्षा बलों को नक्सलियों ने आइईडी विस्फोट से नुकसान पहुंचाया है. बताया जा रहा है विस्फोट में तीन जवान शहीद हुए हैं और कम से कम चार जवान घायल हुए हैं.
घायलों में तीन की स्थिति गंभीर है. उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया है. फिलहाल घटनास्थल के आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचे हुए हैं.
इसे भी पढ़ें: एक अप्रैल से डाकघर बैंक से चार बार से अधिक नकद निकासी की तो देना होगा शुल्क




