
New Delhi: नये कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान देश में सात सौ किसानों की मौत का कोई रिकार्ड केंद्र सरकार के पास नहीं है. विपक्ष मृत किसानों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं. लोकसभा में सरकार से सवाल किया गया था कि मृतक किसानों के परिजनों को वित्तीय सहायता दिए जाने का कोई प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है या नहीं? केंद्र सरकार ने जवाब देते हुए कहा कि कृषि मंत्रालय के पास किसानों की मौत का कोई रिकॉर्ड नहीं है. इसलिए उनको मुआवजा दिए जाने या फिर इस संबंध में कोई सवाल ही नहीं उठता है. मालूम हो कि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की फिराक में है.
मालूम हो कि कृषि कानूनों की वापसी पर विपक्ष चर्चा की मांग कर रहा है. सत्र के पहले दिन सदन में जोरदार हंगामा हुआ था. 12 सदस्यों को मौजूदा सत्र से निलंबित कर दिया है. इसके बाद से सदन में गतिरोध बरकरार है. विपक्षी सदस्य गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना दे रहे हैं. लोकसभा व राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित हो रही है. इस स्थिति के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की है.




