
Ranchi: त्योहारी सीजन में कोरोना महामारी के उफान पर चढ़ने की आशंका विशेषज्ञ लगातार जताते रहे हैं. झारखंड में भी इस तरह की आशंका बनी हुई है. दशहरा के पहले दिन गुरुवार को 24 घंटे में 27 मरीजों का मिलना कहीं खतरे की घंटी तो नहीं है. इस ओर सिर्फ सरकार ही नहीं आमलोगों को भी ध्यान देने की जरूरत है. खासकर राज्य में कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राजधानी रांची व पूर्वी सिंहभूम जिलों में.
इसे भी पढ़ेंःविधायक रामदास सोरेन ने HCL-ICC कंपनी पर लगाया विस समिति को गुमराह करने का आरोप, चलायेंगे अवमानना का मामला
गुरुवार को सबसे अधिक संक्रमित इन्हीं दो जिलों से मिले हैं. नये मिले 27 संक्रमितों में से रांची से 13 व पूर्वी सिंहभूम से 9 संक्रमित मिले हैं. इसके अलावा देवघर से दो और पश्चिमी सिंहभूम, कोडरमा, बोकारो से एक-एक संक्रमित मिले हैं. इस तरह राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 348314 हो गई है. हालांकि, इनमें 343078 मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं. गुरुवार को 9 मरीजों ने कोरोना को मात दी है.
इधर, राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या फिर 100 को पार करते हुए 101 हो गई है. इनमें सबसे अधिक 43 संक्रमित रांची में हैं. एक दिन पूर्व रांची सक्रिय मरीजों की संख्या 34 थी. पूर्वी सिंहभूम में भी 30 की संख्या में सक्रिय मरीज हैं. हालांकि, इन दो जिलों के अतिरिक्त 22 जिलों में या तो सक्रिय मरीज नहीं हैं, या फिर सक्रिय मरीजों की संख्या 5 से कम है. दुमका, गढ़वा, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, पाकुड़, पलामू, साहिबगंज व सिमडेगा जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या शून्य है.




