
Ghaziabad: उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने के आरोप में 65 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि 350 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस ने यह जानकारी दी कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ हिंसा और पत्थरबाजी करने में शामिल असमाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है.
इसे भी पढ़ें- #CentralGovt एनआरसी बिल को पास कर देश में हिंसा का माहौल बनाना चाहती है: मलय
पूर्व विधायक जाकिर अली के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 65 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 350 असमाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
उन्होंने बताया कि लोनी के पूर्व विधायक जाकिर अली के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है. सिंह के मुताबिक शरारती तत्वों की पहचान कर ली गयी है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
गौरतलब है कि राज्य में नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे 10 दिसंबर से प्रदर्शन में 705 लोग गिरफ्तार किये गये हैं जबकि 4500 लोगों को ऐहतियातन गिरफ्तारी के बाद रिहा कर दिया गया. 263 पुलिसकर्मी हिंसक प्रदर्शनों में घायल हुए हैं, जिनमें से 57 लोग आग से झुलसे है.
इसे भी पढ़ें- #PMModi के पूर्व सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन इनकम टैक्स में कटौती के खिलाफ, बोले- बहुत कम लोगों को फायदा होगा
23 दिसंबर तक इंटरनेट बंद
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार तक के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी. शहर में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के बाद गुरुवार रात को इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गयी थीं.
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने शनिवार शाम को कहा कि लखनऊ में इंटरनेट सेवाएं 23 दिसंबर तक निलंबित कर दी गयी हैं.
पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) प्रवीण कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश में संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन शुरू होने के बाद से आठ साल के एक बच्चे समेत कम से कम 15 लोगों की जान चली गयी है.




