Main SliderRanchi

राज्यसभा चुनावः हेमंत सुदेश से क्या मिले, ‘बीजेपी’ की बैठक हो गयी ‘एनडीए’ विधायकदल की बैठक 

Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव 19 जून को होना है. उससे पहले सत्ता और विपक्ष की राजनीति में रोज ही कुछ नया देखने को मिल रहा है. इससे पहले सरयू राय राज्यससभा की खबरों को लेकर सुर्खियों में थे. लेकिन अब सुदेश ने बढ़त बना ली है.

राजनीतिक खबरों से गायब आजसू प्रमुख सुदेश महतो अचानक से मेन फ्रेम की भूमिका में आ गये हैं. सारा खेल हेमंत सोरेन ने शुरू किया. मौके पर उन्होंने ऐसी चाल चली कि बीजेपी बैकफुट पर आ गयी.

हेमंत सोरेन राज्यसभा चुनाव में यूपीए के पक्ष में वोट करने की अपील लेकर सुदेश के पास पहुंच गये. सुदेश से कहा कि दोनों की पार्टी झारखंड आंदोलन से निकली हुई पार्टी है. ऐसे में दोनों की विचारधारा भी एक है.

बीजेपी फट से हो गयी एनडीए

बीजेपी ने अपने मीडिया ग्रुप में सोमवार को एक मैसेज डाला था. उसमें साफ तौर से पार्टी के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने लिखा था कि आगामी 17 जून को भाजपा विधायक दल की बैठक होने वाली है.

बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओपी माथुर और राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह शामिल होंगे. बैठक दो बजे बुलायी गयी थी. जिसकी अध्यक्षता दीपक प्रकाश को करनी थी. लेकिन हेमंत सोरेन के आजसू प्रमुख सुदेश महतो से मिलते ही बीजेपी का राजनीतिक रंग बदल गया.

राज्यसभा चुनावः हेमंत सुदेश से क्या मिले, ‘बीजेपी’ की बैठक हो गयी ‘एनडीए’ विधायकदल की बैठक
BJP के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक की ओर से 17 जून को भाजपा विधायक दल की बैठक को लेकर संबंधित मैसेज

उसी मीडिया ग्रुप में फिर से एक मैसेज डाला गया. इस बार लिखा गया कि 17 जून दो बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी. बैठक में बीजेपी विधायकगण के साथ आजसू पार्टी प्रमुख श्री सुदेश कुमार महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और विधायक लंबोदर महतो भी शामिल होंगे.

किस वजह से बीजेपी हो गयी एनडीए

हेमंत के सुदेश से मिलते ही आखिर ऐसा क्या हो गया कि बीजेपी की विधायक दल की बैठक एनडीए के विधायक दल की बैठक हो गयी. आजसू के पास दो विधायक हैं. सिल्ली से सुदेश महतो और गोमिया से लंबोदर महतो.

राज्यसभा चुनावः हेमंत सुदेश से क्या मिले, ‘बीजेपी’ की बैठक हो गयी ‘एनडीए’ विधायकदल की बैठक
हेमंत और सुदेश की मुलाकात के बाद बीजेपी की विधायक दल की बैठक एनडीए के विधायक दल की बैठक हो गयी

बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार को जीत दर्ज करने के लिए आजसू के दोनों वोट अहम हैं. हालांकि इससे पहले सुदेश या पार्टी की तरफ किसके पक्ष में वोट किया जाएगा, कन्फर्म नहीं किया गया है. ऐसे में अचानक हेमंत सोरेन का सुदेश महतो के घर पहुंच जाने से बीजेपी की नींद टूटी. पार्टी आला कमान की तरफ से निर्देश आया कि मीडिया में ब्रीफ किया जाए कि बीजेपी विधायक दल की बैठक नहीं बल्कि एनडीए विधायक दल की बैठक होगी.

अब इस बैठक में सुदेश शामिल होते हैं या नहीं, इस बात पर सारी राजनीति आकर रुक गयी है. देखना दिलचस्प होगा कि आजसू का इस पूरे मामले पर स्टैंड क्या होगा.

बैठक पहले से एनडीए की थी -दीपक प्रकाश

इस मामले पर न्यूज विंग ने आजसू प्रमुख सुदेश महतो से बात की. उन्होंने कहा कि ये मामला बीजेपी का है, इसपर मैं कुछ नहीं कह सकता. हां हेमंत जी मेरे आवास आए थे. कई मुद्दों पर चर्चा हुई.

वहीं इस मामले पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश का कहना है कि इसमें किसी तरह का कोई संशय नहीं है. बैठक पहले से एनडीए की थी औऱ अब भी एनडीए की है. बैठक में आजसू के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button