
Ranchi: विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शनिवार को भोजनावकाश के बाद हुई सदन की कार्यवाही में विपक्ष के बहिष्कार के बीच सदन से एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक कल्याण के लिए 2690 करोड़ रुपये का अनुदान मांग पारित हुआ. चर्चा का जवाब देते हुए मंत्री चम्पई सोरेन ने कहा कि सबसे पहले राज्य की सामाजिक और बुनियादी व्यवस्था को मजबूत करना है. ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र- छात्राओं को शहरों में शिक्षा ग्रहण में परेशानी नाहीं हो इसको ध्यान में रखकर रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, दुमका, देवघर, चाईबासा, गोड्डा में बहुमंजिला छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा. एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यको के लिए संचालित छात्रावास में रसोइया और सफाईकर्मी की नियुक्ति की जाएगी साथ ही छात्रावास में रहनेवाले छात्र-छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी सरकार करेगी. हर छात्रावास में लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा. आदिवासी संस्कृति कलाकेंद्र की व्यवस्था की जाएगी. एससी, ओबीसी बहुल गांवों में धार्मिक स्थल और श्मसान घाटों की घेराबंदी कराई जाएगी.
केदार हाजरा ने लाया कटौती प्रस्ताव, कहा-एक भी नौकरी नहीं दी 10 हजार पोषण सखियों को हटाया
भोजनावकाश के बाद सदन में कल्याण विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा हुई. अनुदान मांग पर कटौती प्रस्ताव लाते हुए भाजपा विधायक केदार हाजरा ने कहा कि केंद्र सरकार ने एससी, एसटी और ओबीसी का बजट तीन गुना बढ़ाया. आदिवासी समाज का गौरव बढ़े इसको ध्यान में रखकर मोदी सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया. द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया. हेमंत सरकार ने 10 हजार पोषण सखियों को नौकरी से हटाया.
झामुमो विधायक जिगा सुसरान होरो ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि हेमंत सरकार में झारखंड के आदिवासी बच्चे को विदेश पढ़ने के लिए भेजा जा रहा है. सरना मसना स्थल की घेराबंदी कराई जा रही है.
आवासीय विद्यालय को नहीं मिला अनुदान : नवीन
भाजपा विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में चालू वित्तीय वर्ष में एक रुपये का भी अनुदान नहीं दिया गया है. उन्होनें कहा कि हजारीबाग में रामनवमी जुलूस को लेकर प्रशासन अनुमति नहीं दे रही है उल्टे 5 हजार लोगों पर 107 का मुकदमा दर्ज कर दिया गया है. यह बर्दास्त नहीं किया जाएगा. झारखंड में सरकारी विभागों में तीन लाख पद खाली हैं.
महिला बाल विकास में 54 प्रतिशत राशि की वृद्धि हुई : पूर्णिमा
कांग्रेस पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग में 54 प्रतिशत राशि की वृद्धि की गई है. सरकार ने बच्चों को गर्म कपड़े दिए. सावित्री बाई फुले योजना के माध्यम से किशोरियों की शिक्षा में सुधार हो रहा है. भ्रूण हत्या में कमी आयी है. सर्वजन पेंशन योजना से 21 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि समय आ गया है जब महिलाओं को सहानुभूति नहीं सम्मान दिया जाय. कहा कि महिलाओं को समानता नहीं समान अवसर चाहिए. उन्होंने सर्वजन पेंशन योजना की राशि बढ़ाने की मांग की. थर्ड जेंडर को भी पेंशन का हक मिले. दिव्यांग खिलाड़ियों को भी नौकरी दी जाय. हर जिले में सेंटर फॉर वीमेन स्टडीज की व्यवस्था हो.वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स की व्यवस्था की जाय. चर्चा में प्रदीप यादव, लंबोदर महतो, रामचंद्र सिंह, बिनोद सिंह समेत अन्य माननीयों ने भाग लिया.
इसे भी पढ़ें: बजट सत्र: दीपिका पांडे का सरकार से सवाल-सोलर विद्युतीकरण का बजट था 200 करोड़ का, मंत्री 20 करोड़ क्यों बता रहे हैं




