
Gopalganj: बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP) के एक जवान की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई है और उसके शव को होमगार्ड मैदान के पीछे गड्ढे में ढक दिया गया. यह घटना थावे थाना क्षेत्र के थावे दुर्गा मंदिर के पास की है.
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा हार्स ट्रेडिंग मामलाः ADG अनुराग गुप्ता के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर छह सितंबर तक रोक बरकरार
34 वर्षीय मृतक बीएमपी के जवान का नाम अर्जुन दयाल बताया जा रहा है. वह बीएमपी वन में तैनात था. उसका कोड 845 बताया गया है. बताया जाता है कि अर्जुन दयाल की ड्यूटी गोपालगंज में विधानसभा चुनाव के दौरान थावे होमगार्ड मैदान के पास बनाए गए स्ट्रांग रूम पर लगाई गई थी. उसके बाद से ही उसकी तैनाती थावे दुर्गा मंदिर परिसर में की गई थी.
जानकारी के मुताबिक मृतक जवान बीती रात सोया हुआ था इसी दौरान चाकू से उसके शरीर पर वार किये गये. कई जख्म होने की वजह से उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद उसके शव को थावे मंदिर और होमगार्ड मैदान के पीछे जंगल में फेंक दिया गया. मृतक जवान अर्जुन दयाल नेपाल का रहने वाला था. उसकी एक बेटी भी है.
हत्या की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे सिवान एसपी अभिनव कुमार ने पूरे मामले की जानकारी ली.. वहीं सदर एसडीपीओ नरेश पासवान ने बताया कि बीएमपी जवान अर्जुन दयाल बीएमपी एक में था. उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म के निशान मिले हैं. जिसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है.
पुलिस ने जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया है. सदर एसडीपीओ ने बताया कि मृतक जवान नेपाल का है. लेकिन उसका पूरा पता कहां है इसकी जानकारी ली जा रही है. बीएमपी जवान की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं अब पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि जब सुरक्षाकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी.
इसे भी पढ़ें : प्रतिबंधित सूची में शामिल जीएम मालिक लैंड पर खड़ा हो गया पंचरत्न ट्विन टावर




