
Mohan Radhe
Hazaribagh: हजारीबाग में अधिक से अधिक मतदान हो इसके लिए निर्वाचन आयोग ने मुकम्मल व्यवस्था कर ली है. विभाग कोशिश कर रहा है कि दिव्यांग और अस्वस्थ लोग भी मतदान केंद्र तक पहुंचकर मतदान कर सकें.
इसे लेकर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रयास भी किया जा रहा है. इसी क्रम में अस्वस्थ और शारीरिक रूप से कमजोर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने और वोट कराने की दिशा में आवश्यक कार्य हो रहे हैं. नेत्रहीन मतदाता पहली बार ब्रेल पर्ची और ब्रेल ईवीएम के जरिये वोट डाल सकेंगे.
इसे भी पढ़ेंः मोदी जी, लड़ाई खत्म हो चुकी है. आपके कर्म आपका इंतजार कर रहे हैं : राहुल
दिव्यांगों को मिलेंगे ये सुविधाएं
दिव्यांगों के साथ-साथ नेत्रबाधित मतदाताओं को मताधिकार से रू-ब-रू कराने और उन्हें मताधिकार का एहसास कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं.
इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से शारिरिक रूप से कमजोर, दिव्यांग एवं नेत्रबाधित मतदाताओं को अलग से सर्वे कर उन्हें चिन्हित किया गया है. हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में 7 हजार 632 वोटर्स चिन्हित किए गये हैं जो स्वाभाविक रूप से अस्वस्थ हैं.
इसे भी पढ़ेंः सीजेआई यौन उत्पीड़न मामला : SC ने जांच प्रमुख बोबडे से किसी भी न्यायाधीश की मुलाकात की खबर खारिज की
7632 दिव्यांग मतदाता वोट डाल सकेंगे
हजारीबाग जिले में चिन्हित कर मतदाता सूची में शामिल किये गये शारीरिक रूप से कमजोर वोटरों में नेत्रबाधित 998, मूक बधिर 790, चलने फिरने में लाचार 2 हजार 480 एवं अन्य कारणों से 3 हजार 364 दिव्यांगों को मिलाकर 7 हजार 632 मतदाता हैं.
मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए की गयी व्यवस्था
पहली बार ईवीएम मशीन में ब्रेल स्टीकर लगाया जायेगा. ताकि नेत्रबाधित मतदाता अपनी पसंद से उम्मीदवार को खुद से वोट कर सकें. उन्हें ब्रेल लिपि की मतदाता पर्ची भी दी जायेगी. इसके अलावा मतदान केंद्र पर रैंप की व्यवस्था, व्हील चेयर, ट्राई साइकिल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रविशंकर शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि हजारीबाग सूचना भवन में ब्रेल लिपि की पर्ची को व्यवस्थित किया जा रहा है. वहीं ट्राय साइकिल की भी व्यवस्था की गयी है जो मतदाता को मदद पहुंचायेगी.
शारीरिक रूप से अशक्त वोटर मतदान केंद्र तक पहुंचें, इसके लिए मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र पहुंचाने और वापस घर लाने के लिए अलग से व्यवस्था की गयी है.
इसे भी पढ़ेंः कोडरमाः माइका मजदूरों के प्रति रघुवर सरकार की उदासीनता भी अन्नपूर्णा देवी के लिए बन सकती है मुसीबत




