
Ranchi : झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी में मंगलवार को सभा को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने झामुमो और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने कहा: झारखंड की जनता भली-भांति जानती है कि झामुमो और कांग्रेस सिर्फ छल और स्वार्थ की राजनीति करते हैं. कांग्रेस और झामुमो की सरकारों ने गरीब और आदिवासियों को झोपड़ियों में रहने को मजबूर किया.
मोदी ने कहा कि भाजपा के डबल इंजन की पांच साल की सरकार में आज वहां भी पानी पहुंच रहा है जिसे कांग्रेस और झामुमो की सरकार ने अपने हाल में छोड़ा था.
भाजपा की सरकार में बिना किसी भेद-भाव के समान भाव से सभी के लिए विकास हुआ है. भाजपा की सरकार में केंद्र या राज्य सरकार की किसी ना किसी योजना का लाभ झारखंड के सभी राज्यवासियों को मिला है.
इसे भी पढ़ें : #Jharkhand: 12 हजार युवा हर साल करते हैं ITI, चार साल में मात्र 14,310 को ही मिला नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशनल स्कीम का लाभ
विपक्षी जहां झांकते नहीं थे, वहां अब बिजली और सड़क
मोदी ने विपक्षियों को निशाने पर लेने के साथ-साथ झारखंड सरकार की तारीफों के पुल बांधे. कहा- आज उन क्षेत्रों में भी सड़क और बिजली पहुंच रही है जहां विरोधी दलों के नेता झांकते तक नहीं थे.
उन्होंने कहा कि भाजपा की यह सरकार आदिवासियों के जीवन आसान करने के लिए भी काम कर रही है.
उन्होंने भाजपा को वोट देने की अपील के साथ कहा कि आप पड़ोस के राज्यों की स्थिति देख लें जहां भाजपा की सरकार नहीं है, वहां विपक्षियों ने किसी तरह साथी दलों के साथ मिलकर सरकार तो बना ली पर वादों से दूर भाग रहे हैं.
कड़िया मुंडा की उंगली पकड़कर संगठनशास्त्र सीखा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी में अपने भाषण के दौरान कहा- जब मैं संगठन में नया था, मैंने कड़िया मुंडा की उंगली पकड़कर ही संगठनशास्त्र सीखा. हर परिस्थिति में प्रसन्नचित रहकर विकास के बारे में सोचना भी मैंने इनसे ही सीखा.
सुदूर क्षेत्रों में भी लोक संग्रह की काबिलियत कड़िया मुंडा में अदभुत रही है.
उन्होंने कहा- मुझे खुशी है कि मैं उनके मार्गदर्शन में झारखंड के भविष्य को सुधारने के लिए ताकत के साथ मेहनत कर रहा हूं.
पीएम ने अर्जुन मुंडा के बारे में भी कहा कि जिस धरती में ऐसा नेतृत्व हो वहां के विकास में कोई बाधक नहीं हो सकता.
इसे भी पढ़ें : खूंटी में चल रही थी पीएम मोदी की सभा, twitter पर ट्रेंड होने लगा #GoBackModi, जानिये लोगों ने किये कैसे-कैसे कमेंट
नक्लसवाद की कमर तोड़ी, डर का माहौल कम हुआ
मोदी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि पहले चरण के चुनाव के बाद तीन महत्वपूर्ण चीजें निकलकर सामने आयी हैं.
पहला, लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्रनिर्माण के लिए झारखंडवासियों की आस्था अभूतपूर्व है. पहले चरण में 13 विधानसभा के लिए जमकर मतदान हुए हैं.
दूसरा, भाजपा सरकार ने नक्सलवाद की कमर तोड़ दी है. इससे डर का माहौल कम हुआ है.
तीसरा ये कि झारखंड सरकार के प्रति व कमल फूल के प्रति झारखंड के लोगों का विश्वास बढ़ा है. इससे स्पष्ट हो रहा है कि झारखंड के विकास के लिए भाजपा की वापसी जरूरी है.
गेलतसूद और धुर्वा में देश का सबसे बड़ा तैरता सौर प्लांट लगेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने खूंटी में अपने भाषण के दौरान कहा कि गेतलसूद और धुर्वा डैम में देश का सबसे बड़ा तैरता सौर पावर प्लांट का निर्माण किया जाना है, साथ ही डिफेंस यूनिवर्सिटी और नॉलेज सिटी के निर्माण की बात भी कही.
उन्होंने राज्य की रानी मिस्त्री बहनों की भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि राज्य में शौचालय तो बने ही हैं, इसे बनाने वाली रानी मिस्त्री बहनों की भी चर्चा पूरे देश में हो रही है.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: दूसरे चरण में नक्सलियों से निपटना चुनौती, सात में से छह अतिसंवेदनशील जिले में होगी वोटिंग




