
Chakradharpur : रेलवे के गैंगखोली में अतिक्रमण कर घर बनाने के मामले में नोटिस जारी किये जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है. बुधवार को गरीबों के घर टूटने से बचाने के लिए पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, भाजपा नेता पवन पांडेय, संजय मिश्रा एवं कई भाजपाइ रेलवे के आइओडब्ल्यू कार्यालय पहुंचे. इस दौरान मामले को लेकर पूर्व विधायक ने आइओडब्ल्यू के एसपी सिंह से वार्ता की.
बारिश में घर छोड़ा गया तो होगा जोरदार आंदोलन: सामड
पूर्व विधायक शशिभूषण सामड ने चेतावनी देते हुए कहा कि रेल प्रशासन के द्वारा बारिश के दिनों में ही ऐसा कदम उठाया जाता है और गरीब बेसहारा लोगों को नोटिस थमा कर उनके घरों को खाली कराने का आदेश दे दिया जाता है. जबकि यह लोग 50 से 60 वर्षों से गैंगखोली में रहे हैं. ऐसे में बरसात के समय अचानक से घरों को खाली कराना इन लोगों के लिए काफी परेशानी का सबब बना हुआ है. श्री सामड ने कहा कि वे इन गरीब बेसहारा लोगों के साथ खड़े हैं और उनके घरों को टूटने का पुरजोर विरोध करेंगे. बताया कि केंद्र सरकार के द्वारा 2014 में एक बिल पेश की गयी थी. जिसमे रेलवे क्षेत्र में अतिक्रमण कर रहने वाले लोगों को पुनः स्थापित करने के लिए एक योजना बनायी गयी थी. जिसके तहत चक्रधरपुर के पंप रोड में एक कॉलोनी बसाकर इन लोगों को यहां स्थापित करना था, लेकिन सीएनटी और एसपीटी एक्ट के कारण यह योजना अटक गयी है.
दो नजर करना बंद करे रेल प्रशासन: संजय मिश्रा
भाजपा के जिला प्रेस प्रवक्ता संजय मिश्रा ने कहा कि रेल प्रशासन एक आंख में काजल और एक आंख में सुरमा वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है, इसे बंद करे. उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बंडामुंडा रेल क्षेत्र में अतिक्रमण कर छोटी-छोटी फैक्ट्रियां लगाकर कार्य किया जा रहा है. जिसका रेल प्रशासन विरोध नहीं करती, लेकिन दूसरी ओर चक्रधरपुर के गैंगखोली, जहां लोग 50 वर्ष या उससे पहले से रह रहे हैं, इसे खाली करने का आदेश बरसात के दिनों में दे दिया गया, यह कदापि न्याय संगत नहीं है. जबकि एक जानकारी के अनुसार जब रेलवे के द्वारा शुरुआती दिनों में इन लोगों को इंजन में कोयला डालने के लिए यहां लाकर बसाया गया था. अब इन लोगों को अचानक से यहां से विस्थापित करना एक परेशानी का विषय है, जिस पर रेल प्रशासन को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है. मौके पर भाजपा नेता दीपक सिंह, परमेंद्र चौहान, अभय साव, रविंद्र राय के साथ गैंगखोली के दर्जनों महिला-पुरुष उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- सरकारी राशन डकारने वालों के आये बुरे दिन, चक्रधरपुर थाना में कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज




