JharkhandLead NewsRanchi

2019 के चुनाव वाली गलती दोहरा रही भाजपा, रायशुमारी और सर्वे को अनदेखा कर किया गया टिकट बंटवारा: संदीप वर्मा

Ranchi: प्रदेश भाजपा के कार्यसमिति सदस्य संदीप वर्मा ने रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल सहित पूरी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया. रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभी पार्टी के स्तर से जो टिकट बंटवारा हुआ है, उससे भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता को तकलीफ हुई है. संगठन को अपने खून से सींचकर इसे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने वाले वर्कर निराश हैं.

आज पार्टी ऐसे कार्यकताओं की लगातार अनदेखी कर रही है. 2019 की जो गलती पार्टी ने की थी, पुनः उसी गलती को इस बार भी दोहराया गया है. रायशुमारी और सर्वे को अनदेखा कर जिस प्रकार से टिकट का बंटवारा किया गया, उससे हम सब किस मुंह से जनता के बीच परिवारवाद के खिलाफ बात करेंगे.

संदीप के मुताबिक, आज हर कार्यकर्ता के मन में सवाल है कि चम्पाई सोरेन जो हाल में ही बीजेपी के सदस्य बने, उनके साथ उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन को किस आधार टिकट दिया गया? रघुवर दास जो अब ओड़िशा के गवर्नर हैं, उनकी बहू का बीजेपी के लिए क्या योगदान है जो उनको टिकट मिला. अर्जुन मुण्डा (पूर्व मुख्यमंत्री) की पत्नी मीरा मुण्डा का क्या योगदान है.  ढुल्लू महतो के भाई को किस आधार पर बाघमारा का टिकट दिया गया. रोशन लाल चौधरी 5 मिनट पहले पार्टी में आए और टिकट टिल गया. लोकसभा चुनाव 2024 के प्रत्याशी रहे समीर उरांव, गीता कोड़ा, सीता सोरेन को चुनाव में हार के बाद भी किस आधार पर टिकट दिया गया? बाबूलाल मरांडी जैसे नेता अगर गैर आदिवासी सीट से लड़ेंगे तो आदिवासी सीटों पर क्या संदेश देंगे?

कार्यकर्ता हतप्रभ

संदीप ने कहा कि पार्टी कार्यकता जो अपने बड़े नेता के मार्गदर्शन से चलते हैं, वे हतप्रभ हैं. पं दीनदयाल ने कहा था कि कोई बुरा प्रत्याशी केवल इसलिए आपका मत पाने का दावा नहीं कर सकता कि वह किसी अच्छे दल की ओर से खड़ा है. संभव है दल के हाईकमान ने ऐसे व्यक्ति को टिकट देते समय पक्षपात किया होगा. अतः ऐसी गलती को सुधारना मतदाता-कार्यकर्ता का कर्तव्य है. इसकी उपेक्षा की गयी है. संदीप ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं. संगठन अपने इस तरह के निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करेगा तो वे कार्यकर्ताओं के दर्द को समझते हुए उनकी आवाज बनकर रांची विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे.

Related Articles

Back to top button