
Ranchi: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता मिसफिका हसन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर खुद एक संवैधानिक पद पर आसीन रहते हुए भाजपा और केंद्र की संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उनके द्वारा की जा रही लगातार गलतबयानी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की बात कही है. पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश प्रवक्ता मिसफिका हसन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बीजेपी के स्टीकर लगे गाड़ी से आयकर की टीम द्वारा छापामारी का आरोप लगाया जा रहा है जो पूरी तरह से निराधार है. सीएम के शब्दों से भाजपा का हर सदस्य आहत हुआ है. संबंधित वाहन चालक ने खुद सामने आकर सारी स्थिति स्पष्ट कर दी है. राजनीतिक प्रतिद्वंदता अपनी जगह है परन्तु सीएम जैसे एक जिम्मेवार और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा बिना तथ्य और सच जाने सार्वजनिक मंच से इस प्रकार का आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है. सीएम को सभी संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए. जिस मंच से उन्हें राज्य की सवा तीन करोड़ की जनता के विकास और तरक्की की बात कहनी चाहिए वहां से वे लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहे हैं जो दुखद है. सीएम को बड़ा मन दिखाते हुए माफी मांगनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें: T20 World Cup : भारत की धमाकेदार जीत, सेमीफाइनल में अब गुरूवार को एडीलेड में इंग्लैंड से भिड़ंत
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड की परिस्थिति किसी से छिपी नहीं है. पिछले 3 सालों में झारखंड में state sponsored corruption का बोलबाला है. सीएम, उनके मंत्री, उनके जनप्रतिनिधि और नेता अपने अपने जिले में प्रशासन की मिलीभगत से अवैध धंधे को संचालित कर रहे हैं. राज्य में आर्थिक अपराध चरम पर है. खुलेआम बालू पत्थर की लूट की जा रही है. केवल मुख्यमंत्री के गृह जिले साहिबगंज की बात की जाए तो 1000 करोड़ रूपए का घोटाला सामने आया है. दुखद है कि सीएम तमाम मुद्दे पर मौन है. पदाधिकारियों की मिलीभगत से अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है. दूसरे राज्यों में डंके की चोट पर इसे भेजा जा रहा है. जब स्वतंत्र एजेंसियां इस पर लगाम लगाती है तो सीएम द्वारा अनाप शनाप आरोप लगाया जाता है. इससे सीएम का पाप धुल नहीं जाएगा. सीएम जब ईमानदार हैं और अवैध धंधेबाजों से उनकी कोई सांठगांठ नहीं है तो फिर डर किस बात का है उन्हें सांच को आंच कैसा की कहावत को चरितार्थ करते हुए जांच में सहयोग करनी चाहिए. राज्य में अपराध चरम पर है. अब तक दुराचारियों द्वारा 5000 बहू बेटियों की इज्जत लूटी गई. पूरे राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. दुखद बात यह है सीएम ने कभी अपराधियों के प्रति कड़े शब्द नहीं बोले.
7-13 नवम्बर के कार्यक्रम के लिए बीजेपी नेताओं की जिम्मेवारी तय
मिसफिका हसन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की हिमायती है. बहू बेटियों की इज्जत के सवाल पर, जल जंगल जमीन के सवाल पर, खनिज संपदाओं की लूट के विरोध सहित तमाम ज्वलंत मुद्दों को लेकर पार्टी ने 7 से 13 नवंबर तक प्रखंड स्तर पर राज्यव्यापी प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया है. 263 प्रखंडों में पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी. जिसमें पार्टी के द्वारा सभी प्रखंडों में पार्टी के नेता नेतृत्व कर राज्य सरकार के कुकर्मों का पोल खोलने का काम करेंगे. राज्य में ठप्प पड़े विकास के साथ-साथ प्रखंड के स्थानीय समस्याओं को लेकर भी पार्टी हल्ला बोल करेगी. इसके लिए पार्टी के प्रमुख नेताओं की जिम्मेदारी तय कर ली गई है, जो आंदोलन का नेतृत्व करेंगे.
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश 7 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया प्रखंड में , भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी रांची के कांकें और गिरिडीह के गांडेय, बेंगाबाद, तिसरी एवं धनवार में अलग अलग दिन आंदोलन का नेतृत्व करेंगे. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सरायकेला में , प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू खलारी में , प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय नगड़ी और सिमडेगा में , प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा राहे में, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समीर उरांव लोहरदगा जिले के कैरो में, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी कोडरमा जिला के जयनगर और गिरिडीह में, पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री और रांची की मेयर आशा लकड़ा गुमला प्रखंड में प्रवास एवं नेतृत्व की जिम्मेवारी सौंपी गई है. इसी प्रकार प्रदेश के पदाधिकारियों, कोर कमेटी के सदस्यों, सांसद, विधायक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, वरिष्ठ नेताओं, सभी मोर्चा के प्रदेश एवम राष्ट्रीय पदाधिकारियों को विभिन्न प्रखंडों के नेतृत्व व प्रवास की जिम्मेवारी सौंपी गई है. इस दौरान प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और तारिक इमरान भी मौजूद थे.




