JharkhandRanchiSimdega

आदिवासियों को भाजपा वनवासी कहती हैः राहुल गांधी

Ranchi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को सिमडेगा पहुंचे. यहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया. चुनाव प्रचार के लिए झारखंड आए राहुल गांधी भाजपा पर हमलावर दिखे. पुरानी बातें दोहराई. अडाणी, संविधान, अग्निवीर व आरण का मुद्दा उठाया. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासियों को भाजपा वनवासी कहती है. अंग्रेज भी आदिवासियों को वनवासी कहते थे. जबकि हमलोग आदिवासियों को आदिवासी कहते हैं. जल, जंगल, जमीन पर पहला अधिकार आदिवासियों का है. लेकिन भाजपा वनवासी कहकर उन्हें इस अधिकार से वंचित करने की साजिश करती है. वे नहीं चाहते हैं कि आपके बच्चे डाक्टर, इंजीनियर या अधिकारी बनें.

राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासियों की इजाजत के बिना उनकी जमीन नहीं ली जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्र में जब भी कांग्रेस की सरकार बनेगी तो आदिवासियों व पिछड़े वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण का दायरा 50 प्रतिशत को खत्म कर देंगे. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सभी बड़े पदों पर बैठे अधिकारियों में 90 प्रतिशत दूसरे लोग हैं. इनमें आदिवासियों व ओबीसी का प्रतिनिधित्व कम है. यही 90  प्रतिशत अधिकारी देश का बजट तैयार करते हैं.

उन्होंने कहा कि देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है. एक भाजपा-आरएसएस हैं जो संविधान को खत्म करना चाहती हैं, दूसरी ओर इंडिया गठबंधन है जो संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहा. हम गांधी जी व अंबेडकर के विचारों को आगे ले जाना चाहते हैं. जबकि भाजपा इसे खत्म करने पर तूली है. राहुल गांधी ने कहा कि हम अग्निवीर योजना के खिलाफ हैं. सरकार बनने पर इसे खत्म करेंगे. अडाणी को फिर निशाने पर लिया. राहुल ने इंडी गठबंधन की ओर से जारी चुनावी घोषणा पत्र की चर्चा करते हुए कई घोषणाएं की. उन्होंने झारखंड में फिर से इंडी गठबंधन की सरकार बनाने की अपील की. राहुल गांधी सिमडेगा के बाद लोहरदगा पहुंचे. यहां उन्होंने भी उन्होंने कांग्रेस के लिए वोट मांगा.

Related Articles

Back to top button