
Jamshedpur: जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक बार फिर बाइक सवार बदमाशों ने चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर एक के कंचन विहार में पटेल पथ निवासी रेखा शर्मा को निशाना बनाया. हालांकि, इस दौरान रेखा ने बदमाशों का जमकर सामना किया और एक बदमाश का हाथ पकड़ लिया, पर बदमाश हाथ छुड़ाकर भाग गए. विरोध के बीच ही रेखा के गले की चेन टूट गई जिससे बदमाश आधा चेन लेकर ही भाग पाए.
इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जिसमें बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है. रेखा एक समाजसेवी हैं और अपनी संस्था की पर्ची बांटने निकली थीं. रेखा ने बताया कि वह घर -घर जाकर अपने संस्था की पर्ची बांट रही थी. एक घर का डोर बेल बजाने के दौरान ही पीछे से बाइक सवार आए और गले से सोने की चेन छिनने का प्रयास किया. उन्होंने उनका हाथ पकड़ लिया. तभी खींचतान में चेन टूट गई और बदमाश मौके का फायदा उठाकर भाग गए. इसके पूर्व भी थाना क्षेत्र के संजय पथ में अपराधियों ने मार्निंग वॉक कर रही एक महिला को अपना निशाना बनाया था.




