
PATNA: बिहार में मंगलवार को नीतीश कैबिनेट का विस्तार हुआ.राज्यपाल ने 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई और कुछ देर बाद नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा भी हो गया.मुख्यमंत्री ने अपने पास गृह,सामान्य प्रशासन समेत 5 विभाग रखे तो वहीं उपमुख्यमंत्री तेजस्वी के पास स्वास्थ्य,पथ निर्माण,नगर विकास और ग्रामीण कार्य की जिम्मेदारी होगी.लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप को पिछली बार की तरह इस बार भी पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मिला है.
यह भी पढ़े: बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही विभागों का बंटवारा, जानें-किन्हें कौन सा मंत्रालय मिला
कुशवाहा,भाई वीरेंद्र, मदन मोहन झा और अजीत शर्मा हुए नाराज
कैबिनेट विस्तार के बाद JDU,RJD और कांग्रेस में नाराजगी की खबर है.बताया जा रहा है कि JDU से उपेंद्र कुशवाहा, तो RJD से भाई वीरेंद्र नाराज हैं.दोनों का नाम मंत्री बनने की रेस में सबसे आगे था, लेकिन ऐन वक्त पर पत्ता कट गया.सियासी गलियारों में कहा जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा नाराज होकर दिल्ली भी चले गए हैं.वहीं, कांग्रेस की तरफ से मदन मोहन झा और अजीत शर्मा का नाम सबसे ऊपर था, लेकिन आखिरी समय में उनके नाम कट गए.
अनंत सिंह के करीबी और जगदानंद सिंह के बेटे बने मंत्री
महागठबंधन सरकार में मिथिलांचल से सबसे ज्यादा 10 मंत्री बनाए गए हैं. इसके बाद भोजपुर-शाहाबाद से 7 और मगध से 4 मंत्री बने हैं. वहीं कोसी से 2,सीमांचल से 3 और अंग प्रदेश से 2 मंत्री बनाए गए हैं. नीतीश की नई कैबिनेट में RJD से कार्तिक सिंह, जितेंद्र राय और सुधाकर सिंह और ललित यादव के नाम ने चौंकाया है.कार्तिक सिंह पहली बार RJD से MLC बने हैं, जिन्हें बाहुबली अनंत सिंह का करीबी माना जाता है.सुधाकर सिंह पहली बार के विधायक हैं, जो RJD के प्रदेशाध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं.वहीं, जितेंद्र राय सबसे कम उम्र के विधायक हैं.
अगड़ी जातियों का घटा प्रतिनिधित्व,OBC-EBC से बने 17 मंत्री
महागठबंधन की नई सरकार में सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखकर मंत्री बनाए गए हैं.ओबीसी-ईबीसी से सबसे ज्यादा 17,दलित से 5 और 5 मुस्लिम शामिल हैं. NDA गठबंधन के मुकाबले अगड़ी जातियों का प्रतिनिधित्व इस बार घटा है.पिछली बार अगड़ी जातियों के 11 मंत्री थे, जो अब केवल 6 हो गए हैं. सबसे ज्यादा यादव जाति के 8 विधायक इस बार मंत्रिमंडल में शामिल हैं.आरजेडी की तरफ से 7 और जदयू की तरफ से एक यादव विधायक मंत्री बने हैं. पिछले मंत्रिमंडल में इस जाति से सिर्फ 2 मंत्री थे. पिछली बार OBC-EBC से 13 मंत्री थे,जबकि शाहनवाज हुसैन समेत 2 मुस्लिम मंत्रिमंडल में शामिल थे.




