
Paris : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में आज मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारों के बीच भारतीय समुदाय को संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस के साझा मूल्य हैं. इस क्रम में भ्रष्टाचार, परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि आज नये भारत में भ्रष्टाचार, परिवारवाद, भाई-भतीजावाद, जनता के पैसे की लूट, आतंकवाद पर जिस तरह लगाम कसी जा रही है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ.
नये भारत में थकने-रुकने का सवाल ही पैदा नहीं होता. पीएम ने कहा कि नयी सरकार को बने ज्यादा दिन नहीं हुए, अभी सिर्फ 75 दिन हुए हैं. 100 दिन होना बाकी है. ये दिन तो सरकार बनने के बाद स्वागत-सम्मान, जय-जयकार के होते हैं. हम उस चक्कर में नहीं पड़े. सिर्फ 75 दिन ही पूरे हुए, लेकिन स्पष्ट नीति, सही दिशा से प्रेरित होकर एक के बाद एक कई बड़े फैसले ले लिये
इसे भी पढ़ें – बिना सोचे-समझे दिये गये कर्ज से बिगड़े देश के आर्थिक हालात : नीति आयोग
भारत में अब टेंपररी कुछ नहीं रहा
पीएम ने अपने संबोधन में इशारों-इशारों में 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में अब टेंपररी कुछ नहीं रहा, जो टेंपररी था उसको हमने निकाल दिया. उन्होंने कहा कि जो टेंपररी था, उसे निकालने में 70 साल लग गये. कहा कि सिर्फ 75 दिनों में हमारी सरकार ने महत्वपूर्ण फैसले लिये. पीएम मोदी ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार पर हमला बोलते हुए कहा कि नया भारत सपनों की राह पर चल पड़ा है. पीएम ने मोबलां की पहाड़ियों पर दुर्घटनाग्रस्त 2 विमान की याद में बने स्मारक का उद्घाटन भी किया. इस विमान में मशहूर वैज्ञानिक होमी जहांगीर भी सवार थे, जिनकी मौत इसी हादसे में हुई थी.
पीएम ने फ्रेंच में भी लोगों का अभिनंदन किया
पीएम मोदी जब मंच पर बोलने के लिए पहुंचे तो मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर जोरदार अंदाज में स्वागत किया. पीएम ने फ्रेंच में भी लोगों का अभिनंदन किया. उन्होंने कहा, ‘फ्रांस और भारत की मित्रता कोई नई नहीं है बल्कि सालों पुरानी है. पीएम मोदी ने फ्रांस और भारत की दोस्ती पर जोर देते हुए कहा कि दोनों देश एक-दूसरे के सुख और दुख में खड़े रहे. पीएम ने कहा, मुझे लगता है कि भारत में फ्रांस की फुटबॉल टीम के जितने समर्थक हैं, उनकी जितनी संख्या भारत में है, उतनी शायद फ्रांस में भी न हो.
जब फ्रांस ने वर्ल्ड कप जीता था तो भारत में भी जोर-शोर से इसका जश्न मनाया गया. दुख में भी हम एक-दूसरे के साथ खड़े रहे. फ्रांस में हुए एयर इंडिया के 2 विमान हादसों की याद में स्मारक बना है. स्मारक बनाने के लिए लोगों का धन्यवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, इनमें भारत के महान वैज्ञानिक डॉक्टर होमी जहांगीर भाभा भी थे. इस दुर्घटना में जिन्होंने भी अपने प्राण गवायो, मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं.
पैरिस राम की भक्ति में रम गया है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दिनों पैरिस राम की भक्ति में रम गया है. पूज्य बापू की स्मृति में राम की भक्ति में डूब गया है. जो लोग अपना समय इंद्र के लिए नहीं बदलते, उन्होंने आज नरेंद्र के लिए बदला है. पूज्य बापू में रामभक्ति भी है और राष्ट्रभक्ति भी. पीएम ने कहा कि आम तौर पर राजनेता अपना वादा भुला देता है. कहा कि चार साल पहले मैं फ्रांस आया था तो वादा किया था, मुझे याद है. मैंने कहा था कि भारत आकांक्षाओं और आशाओं के सफर पर निकल चुका है. आज भारत न सिर्फ उस रास्ते पर निकल चुका है बल्कि 130 करोड़ भारतवासियों के विश्वास के साथ तेज गति से आगे बढ़ रहा है. यही कारण है कि इस बार फिर पहले से भी अधिक प्रचंड जनादेश देकर हमारी सरकार को समर्थन दिया है.
हमारी सरकार ने असंभव गोल किये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फुटबॉल का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने असंभव गोल किये. उन्होंने कहा, मैं फुटबॉल प्रेमियों के देश में हूं. आप जानते हैं कि फुटबॉल में गोल का क्या महत्व है. हमने अपनी सरकार के लिए कुछ ऐसे ही गोल तय किये जो असंभव लग रहे थे. हमने देश में कई कुरीतियों को रेड कार्ड भी पिछले 5 साल में दे दिया. प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब मैं जब कुछ कहता हूं तो वह स्थायी तौर पर कहता हूं। पीएम ने कहा, ‘आप जानते हैं कि भारत में जो कुछ टेंपररी था सब चला गया। अब भारत में टेंपररी कुछ नहीं रहा। टेंपररी चीजों के चक्कर में तो देश के 70 साल चले गए।’ पीएम ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपना भाषण समाप्त किया।
चांद पर उतरनेवाला भारत अब चौथा देश बननेवाला है
पीएम ने कहा कि इस बार संसद का कार्यकाल सबसे अधिक वक्त चला. उन्होंने जनसमुदाय से पूछा, ‘यह क्यों हुआ? इस पर मोदी-मोदी, मोदी है तो मुमकिन है के नारे लगे. इस जवाब पर पीएम मोदी ने कहा, यह मोदी के कारण नहीं हुआ, यह सवा सौ करोड़ लोगों ने ठप्पा लगाया उसके कारण हुआ. आप सभी जानते हैं कि भारत का चंद्रयान अब चांद पर उतरनेवाला है. चांद पर उतरनेवाला भारत अब चौथा देश बननेवाला है.
पीएम मोदी ने भारत और फ्रांस के साझा मूल्यों का जिक्र करते हुए कहा, फ्रांस की भूमि पर हमारे 9000 भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं. हमने फासिज्म और एक्स्ट्रिमिज्म का मुकाबला भारत ही नहीं फ्रांस में भी किया. दोनों देशों के चरित्र का निर्माण लिबर्टी, इक्विलिटी के साझा मूल्य से हुआ है. आज दुनिया के खतरों से लड़ने में भारत और फ्रांस साथ हैं तो इसका कारण भी साझा मूल्य हैं. कलेक्टिव रिस्पॉन्सब्लिटी को हमने भली-भांति स्वीकारा है. हम चुनौतियों का सामना बातों से नहीं ठोस कार्रवाई से करते हैं.




